कभी झूठ नहीं बोलने वाले की परीक्षा

Rajesh Pandey
short stories

एक बार अफ्रीका के किसी गांव में एक बुद्धिमान व्यक्ति रहता था। वह कभी झूठ नहीं बोलता था और न ही उसने पहले कभी झूठ बोला था। यह बात वहां रहने वाले सभी लोग जानते थे। एक बार वहां के राजा ने उसके बारे में सुना और अपने सेवकों को आदेश दिया कि उस व्यक्ति को मेरे सामने पेश किया जाए।

वह व्यक्ति राजा के सामने पेश हुआ। राजा ने उससे पूछा, मैंने सुना है तुम झूठ नहीं बोलते, क्या यह बात सही है। उस व्यक्ति ने कहा, जी यह बात सही है। मैं कभी झूठ नहीं बोलता। मैं कभी झूठ नहीं बोलूंगा और न ही कभी झूठ बोला है। ऐसा मेरा यकीन है। राजा ने कहा, यह अच्छी बात है, लेकिन ध्यान रहे। झूठ बहुत चालाक होता है और आसानी से जीभ पर आ जाता है।

इस बात को कई दिन बीत गए। राजा ने एक बार फिर उस व्यक्ति को बुलाया। राजा के सैनिक ने घोड़े की लगाम संभाल रखी थी। राजा का बायां पैर रकाब (घोड़े पर बैठते समय पैर रखने वाला कुंडा) पर था। जबकि दायां पैर जमीन पर था। राजा के पास काफी लोगों की भीड़ थी। राजा ने उस व्यक्ति से कहा कि मैं शिकार पर जा रहा हूं। तुम मेरे ग्रीष्मकालीन महल में जाओ और रानी को बताओ कि मैं उनके साथ दोपहर का भोजन करूंगा। उनसे एक बड़ी दावत की तैयारी करने के लिए कहो। तुम भी मेरे साथ खाना खाओगे।

इस पर वह व्यक्ति दौड़ता हुआ रानी के पास पहुंचा। उसके वहां से चले जाने के बाद राजा हंसने लगा। राजा ने अपने सेनापति से कहा, देखना अब यह झूठ बोलेगा। क्योंकि मैं शिकार पर नहीं जा रहा हूं। न ही मुझे रानी के साथ दोपहर का भोजन करना है। राजा ने कहा, कल सबको मालूम हो जाएगा कि कभी झूठ नहीं बोलने वाला व्यक्ति भी झूठ बोल गया। राजा के साथ उनके सेनापति और अन्य दरबारी हंसने लगे।

वह बुद्धिमान व्यक्ति महल में पहुंचा और रानी से कहा, हो सकता है कि आपको दोपहर के भोजन के लिए एक बड़ी दावत की तैयारी करनी पड़े। यह भी हो सकता है कि आपको दावत की तैयारी नहीं करनी पड़े। राजा दोपहर के भोजन के लिए आपके पास आएंगे या यह भी हो सकता है कि राजा यहां नहीं आएंगे। रानी ने पूछा, सही- सही बताओ, कहना क्या चाहते हो। राजा यहां आएंगे या नहीं।

इस पर बुद्धिमान व्यक्ति ने कहा कि मुझे सही अंदाजा नहीं है। राजा ने अपना बायां पैर रकाब पर रखा था और उनका दाहिना पैर जमीन पर था। इसलिए मुझे अंदाजा नहीं हो सका कि राजा शिकार पर जाएंगे या नहीं। वहां मैंने देखा था कि सब लोग राजा का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में मुझे लगा था कि राजा कहीं से आए थे। वह कहीं जा नहीं रहे थे।

दूसरे दिन राजा ने उस व्यक्ति को बुलाया और पूछा कि क्या तुमने कल झूठ नहीं बोला। मैं तो शिकार पर नहीं गया था। इस पर उस व्यक्ति ने पूरी बात बता दी, जो उसने रानी से कही था। उसने एक-एक शब्द बता दिया, जो रानी से कहा था। इस पर राजा को एहसास हुआ कि बुद्धिमान व्यक्ति कभी झूठ नहीं बोलता। वह केवल वही कहता है, जो वह अपनी आंखों से देखता है। (African folktales)

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *