News

पूरे पहाड़ में मनाया जा रहा फूल संक्रांति का त्यौहार – फुल -फुल माई

फुल फुल माई, घोघा या फूलदेई के नाम से प्रसिद्ध उत्तराखंड ही नहीं पूरे देश का यह पहला बाल पर्व व संसार का एकमात्र ऐसा उत्सव है जिसकी शुरुआत तो नौनिहाल करते हैं लेकिन समापन बड़े बुजुर्ग के हाथों से होता है.

चैत्र मास के आगमन का स्वागत करने के लिए पहाड़ों में नौनिहाल चैत्र संक्राति के दिन रिंगाल, व नळओ (गेहूँ के सूखे डंठल) की छोटी छोटी टोकरियाँ लेकर खेतों की मुंडेरों पर खिले बासंती फूलों जैसे-  फ्योंली, लाई, कुंज, पद्म, सुतराज, बनसका, बुरांस, आडू, खुमानी, बासिंग, दूब, मेलु, घिन्घोरा, कविलास, ग्वीराल, सेब, सकिनी, धौला, मालू, चुपल्या, घट, भेकल,किलमोडी,कंवल, जयाणी सहित सैकड़ों प्रजाति के पुष्प इस चैत्र मास खिलते हैं उन्हें सुबह सबेरे टोकरियों में भरकर लाते हैं और सर्वप्रथम गॉव के मंदिर में चढाने के बाद फुलदेई की प्रार्थना करते हुए कहते है- फूल देई फूल देई संगरांद सुफल करो नयो साल तुमकु श्रीभगवान रंगीला सजीला फूल ऐगीं , डाळा बोटाला ह्र्याँ व्हेगीं पौन पंछे दौड़ी गैन, डाळयूँ फूल हंसदा ऐन, तुमारा भण्डार भर्यान, अन्न धन्न कि बरकत ह्वेन औंद रओ ऋतु मॉस . होंद रओ सबकू संगरांद . बच्यां रौला तुम हम त , फिर होली फूल संगरांद इसके पश्चात गॉव के नौनिहाल धूप निकलने से पूर्व घर घर की देहरी चौखट पर पुष्प डालते हुए कहते हैं – फूल देई फूल देई संगरांद फूलदेई-फूलदेई, छम्मा देई, छम्मा देई, देणि द्वार, भर भकार, ते देलि स बारम्बार नमस्कार। इसे फूल संग्राद के रूप में भी मनाया जाता है.

ये बाल-ग्वाल पूरे एक माह तक हर दिन हर देहरी में फूल डालते हैं और ठीक एक माह के बाद बैशाखी के दिन यह बाल-पर्व त्यौहार के रूप में मनाया जाता है. गॉव के बड़े बुजुर्ग गुड चावल पकोड़ी, भेंट इत्यादि इन बच्चों को विदा करते हैं और इसके बाद शुरू होते हैं पहाड़ों की ऊँची थातों पर मेले कौथीग! इस त्यौहार को ग्वल या ग्वेल या गोलू देवता का पर्व भी मना जाता है. विगत दो तीन बर्षों से रंगोली उत्सव के नाम से शशि भूषण मैठाणी इस बाल पर्व पर देहरादून के सुप्रसिद्ध स्कूलों में अध्ययनरत छोटी-छोटी बालिकाओं के साथ फुलदेई का त्यौहार मनाने के लिए राजभवन,मुख्यमंत्रीआवास सहित शहर के नामी-गिरामी लोगों के आवासों में फूल पर्व बड़ी धूम धाम से मनाते हैं. शशि भूषण मैठाणी का यह प्रयास उसकी सार्थकता के साथ उस पहाड़ की सोच को भी विकसित करता है जिस सोच में पहाड़ का जनमानस रचा बसा है.

शशि भूषण मैठाणी आगामी 15 मार्च को इस पर्व को मनाने राजभवन सहित विभिन्न आवासों पर जा रहे हैं. यह उनकी सार्थकता और जिजीविषा ही है कि वे इस राजीय पर्व के रूप में मनाने की वकालत करते हैं. आखिर हो भी क्यों नहीं! यह संसार का एक मात्र ऐसा बाल उत्सव है जो भारतीय संवतसर की शुरुआत भी करता है और फूलों को भी महत्ता  प्रदान करता है. ये पहाड़ी जनमानस के भी बाल-ग्वाल हैं जिन्होंने पूरी देश दुनिया को फूलों की महत्तता समझाते हुए इन्हें देव चरणों में अर्पित करने की कला सिखाई है. एकमात्र गुलाब ही फुलदेई का ऐसा पुष्प जिसे पूर्व में घर की देहरियों में अर्पित नहीं किया जाता था और न ही मंदिरों में चढ़ाया जाता था. आज भी गुलाब जैसा पुष्प पहाड़ी अंचलों में परित्याज्य माना जाता है. ऐसा क्यों है इस पर शोध की आवश्यकता है.

 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button