NewsUttarakhand

“हर हाल में 25 अप्रैल तक सुधार लें चारधाम यात्रा की सड़कें”

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली

देहरादून। 05 अप्रैल 2025

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक हुई। इस दौरान, फरवरी में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों पर किए गए कार्यों की जानकारी ली गई।

ट्रांजिट कैंप कार्यालय ऋषिकेश में हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे, एनएचआईडीसीएल, बीआरओ, एनएचएआई से सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, पैचवर्क, डामरीकरण आदि कार्यों की विस्तार से प्रगति समीक्षा की गई। सभी जिलाधिकारियों से उनके जनपदों में सड़कों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।

आयुक्त ने प्रत्येक दशा में 25 अप्रैल तक सड़क सुधारीकरण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान यात्रा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने, पार्किंग क्षमता बढ़ाने, पैदल मार्ग का सुधारीकरण, यात्री रजिस्ट्रेशन को सुविधाजनक बनाने, स्वास्थ्य सुविधा व हेली सर्विस सहित अन्य सुगम सुविधा के लिए संचालित कार्यों को यात्रा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि धनराशि की कोई कमी नही है। सभी जिलाधिकारी अपनी डिमांड उपलब्ध कराएं।

आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुविधाजनक बनाने और चारधाम यात्रा की सफलता के लिए सड़कें सुगम और सुरक्षित होनी आवश्यक हैं।

उन्होंने यात्रा रूट की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और स्लाइड जोन पर सुरक्षा कार्यों को तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।

केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धामों में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बर्फबारी से क्षतिग्रस्त रैन शेल्टर, आस्था पथ व पैदल मार्गों को जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए। यात्रा रूट पर चिन्हित पार्किंग स्थलों की क्षमता और वहां पर जरूरी संसाधनों की व्यवस्था के निर्देश दिए।

चार धामों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था एवं घोड़ों खच्चरों के लिए गरम पानी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी विभाग चारधाम यात्रा से जुड़े कार्यों को उच्च प्राथमिकता से पूरा करें।

पर्यटन विभाग को यात्रियों के पंजीकरण काउंटर में पर्याप्त संख्या में स्टाफ की तैनाती करने और यात्रियों के ऑनलाइन व ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था में और सुधार एवं सरलीकरण करने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्गों एवं धामों के निकट शीघ्र पंजीकरण काउंटर स्थापित करते हुए 28 अप्रैल से पूर्व सभी काउंटर का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग को जनपद चमोली के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने, यात्रा मार्ग पर अस्थाई चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सकों व अपेक्षित स्टाफ की तैनाती के साथ जीवन रक्षक दवा, उपकरण व एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा।

किसी भी यात्री को बिना दर्शन के वापस न भेजेंः कमिश्नर

परिवहन विभाग को चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने और ओवरलोडिंग रोकने के लिए उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बिना दर्शन के किसी भी यात्री को वापस न भेजें।

चारों धामों एवं यात्रा मार्गों पर स्थापित सुलभ शौचालयों में पानी एवं सफाई रखने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को चारों धामों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा उरेडा विभाग को अतिरिक्त जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि यात्रा रूट पर स्थित गोदामों में समुचित मात्रा में खाद्यान्न भंडारण, पेट्रोल, डीजल व गैस सिलेंडर की पर्याप्त स्टॉक रखा जाए।

बीएसएनएल को संचार व्यवस्था के लिए फ्रीक्वेन्सी, नेटवर्किंग एवं मोबाइल टावरों के सुचारू संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।

उड्डयन विभाग को हेली सर्विस की बुकिंग, फर्जी वेबसाइट को प्रतिबंधित करने व हेली परिसर में यात्रियों के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें- चारधाम यात्राः ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में लगेंगे 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर

आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने बताया, ट्रैफिक प्लान के अंतर्गत प्रत्येक दस किलोमीटर को सेक्टर में विभाजित किया गया है और निकट पुलिस चौकी इंचार्ज को इसका प्रभारी बनाया गया है। साथ ही मोबाइल टीम ट्रैफिक मैनजमेंट करेगी। बैठक में सभी जिलाधिकारियों ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, जिलाधिकारी पौड़ी डा. आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार कर्मेंद्र सिंह, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग डा. सौरभ गहरवार, जिलाधिकारी चमोली डा. संदीप तिवारी, जिलाधिकारी उत्तरकाशी डा. मेहरबान सिंह बिष्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल, एसपी उत्तरकाशी सरिता डोभाल, एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कुंडे, पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार, एसपी सिटी हरिद्वार पंकज गैरोला, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान सहित यात्रा से जुड़े विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button