educationFeaturedNewsUttarakhand

सभी शिक्षण संस्थानों में मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान

कहा, 11 से 14 अगस्त तक जनपद व ब्लॉक स्तर पर निकालें तिरंगा यात्रा

देहरादून। न्यूज लाइव ब्यूरो

आजादी के महापर्व को विशेष बनाने के लिए प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ मनाया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राएं, अध्यापक एवं विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही, तिरंगा अभियान में अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी, जिसके सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को शासकीय आवास पर वर्चुअल माध्यम से विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें, उन्होंने प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में स्वाधीनता दिवस को बड़े महोत्सव के रूप में मनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्राओं में राष्ट्रभावना जागृत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर के सभी राजकीय व निजी विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अनिवार्य रूप से मनाया जाएगा।

विभागीय मंत्री ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में 11 से 14 अगस्त के बीच किसी भी एक दिन तिरंगा अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं विभागीय अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।

इस अभियान में स्काउट एंड गाइड्स, रोवर्स रेंजर्स, एनएसएस एवं एनसीसी के कैडेट्स की भागीदारी अनिवार्य रूप से रहेगी। इसके अलावा जनपद व ब्लॉक स्तर पर आयोजित तिरंगा अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्ति की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। जिसके सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

डा. रावत ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत शिक्षण संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी, जिसमें तिरंगा दौड़, तिरंगा संगीत, चित्रकला, भाषण, गायन व नाटक प्रतियोगिताएं तथा गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ व स्वाधीनता आंदोलन के इतिहास के बारे में बताया जाएगा ताकि उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं के बारे में जानकारी मिल सके।

वर्चुअल बैठक में निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अंजू अग्रवाल, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक संस्कृत शिक्षा आनंद भारद्वाज, संयुक्त निदेशक बेसिक शिक्षा रघुनाथ लाल सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button