एम्पावर सोसाइटी से जुड़े कारीगरों ने चमोली जिले में रोपे रिंगाल के दो हजार पौधे

Rajesh Pandey

चमोली, 2 सितंबर, 2026ः उत्तराखंड के चमोली जिले के दसोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम मठ झडेता (बेडूमाथल) में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक अहम पहल की गई। ‘एम्पावर सोसाइटी’ (Empower Society) के तत्वावधान में अगस्त माह में अंतिम सप्ताह में आयोजित पांच दिवसीय सघन अभियान के दौरान चार हेक्टेयर चयनित भूमि पर रिंगाल के 2,000 उच्च गुणवत्ता वाले पौधों का वैज्ञानिक पद्धति से सफल रोपण किया गया। इस रोपण कार्य में गोल रिंगाल, मलिंगा रिंगाल और भटपुत्रा जैसी प्रमुख स्थानीय प्रजातियों के राइजोम से तैयार पौधों को शामिल किया गया है

इस पूरे अभियान की सबसे उल्लेखनीय विशेषता स्थानीय कारीगरों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें 75 फीसदी हिस्सेदारी महिलाओं की रही। अभियान में 30 महिला और 10 पुरुष कारीगरों समेत कुल 40 लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्थानीय स्तर पर रिंगाल उत्पादन को बढ़ावा मिलने से भविष्य में हस्तशिल्पियों को दूर-दराज के जंगलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने गांव के समीप ही गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल सुलभ हो सकेगा

एम्पावर सोसाइटी की सचिव मोनीदीपा सरमा ने बताया, काश्तकारों को पौधों की सुरक्षा और उचित रखरखाव के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रति पौध 240 रुपये की प्रोत्साहन राशि तय की गई है। कुल 4 लाख 80 हजार रुपये की इस परियोजना के तहत राशि का भुगतान तीन पारदर्शी किस्तों में सीधे काश्तकारों को किया जा रहा है। रोपण कार्य पूरा होते ही 50 प्रतिशत (2,40,000 रुपये) की पहली किस्त जारी कर दी गई है, जबकि एक वर्ष बाद 30 प्रतिशत और तीन वर्ष पूरे होने पर शेष 20 प्रतिशत राशि पौधों की वृद्धि और न्यूनतम 60 से 65 प्रतिशत जीवितता दर (Survival Rate) के भौतिक सत्यापन के आधार पर दी जाएगी

परियोजना में पारदर्शिता और वैज्ञानिक निगरानी सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया गया है। रोपण क्षेत्र का जीपीएस (GPS) टैग युक्त डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के साथ-साथ अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के माध्यम से फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण किया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2024-25 में किए गए पूर्व रिंगाल रोपण क्षेत्रों का भी ड्रोन सर्वेक्षण कर मूल्यांकन किया गया

एम्पावर सोसाइटी के तकनीकी प्रमुख (हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम) राजेश लाल के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल पौधरोपण तक सीमित न होकर एक स्थायी ‘वैल्यू चेन’ मॉडल पर आधारित है। लगभग चार वर्षों में यह फसल परिपक्व होकर टोकरियों, डलिया, लैंप शेड और आधुनिक व पारंपरिक सजावटी उत्पादों के निर्माण के लिए तैयार हो जाएगी। इससे जहां एक ओर काश्तकारों को कच्चे माल की बिक्री से नियमित आय होगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय कारीगरों को उत्पाद निर्माण और विपणन से दीर्घकालिक स्वरोजगार प्राप्त होगा

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *