ग्वालियर/देहरादून, 3 सितम्बर, 2026 : सीडीएस ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित ‘द्वितीय आईबीएफएफ पार्शियली साइटेड (अल्प दृष्टि दिव्यांग) ब्लाइंड फुटबॉल चैंपियनशिप 2026’ में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। 29 से 31 अगस्त 2026 तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन (IBFF) और मध्य प्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था, जिसमें देशभर से कुल 9 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में केरल ने ओडिशा को 4-0 से मात देकर लगातार दूसरी बार चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं, तीसरे स्थान (कांस्य पदक) के लिए हुए कड़े मुकाबले में उत्तराखंड ने तमिलनाडु को 1-0 से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट में तीसरा स्थान बरकरार रखा।
टूर्नामेंट में उत्तराखंड का सफर
लीग मैच 1: ओडिशा से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।
लीग मैच 2: पश्चिम बंगाल को 4-0 से करारी शिकस्त दी।
लीग मैच 3: बिहार के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 5-0 से जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल: केरल के खिलाफ 0-5 से मुकाबला गंवाया।
थर्ड प्लेस प्ले-ऑफ: तमिलनाडु को 1-0 से हराकर कांस्य पदक सुरक्षित किया।
उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा
उत्तराखंड की ओर से आक्रामक खेल दिखाते हुए गंभीर सिंह चौहान और अश्वनी शाह ने 5-5 गोल दागे, जबकि कप्तान दीपक सिंह रावत ने 1 गोल किया। टूर्नामेंट के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी, 15 वर्षीय अश्वनी शाह को उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए “बेस्ट इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” के खिताब से नवाजा गया। अश्वनी राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD) देहरादून के आदर्श विद्यालय में कक्षा 10वीं के छात्र हैं।
टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर संस्थान के निदेशक एवं आदर्श विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू ने कोच नरेश सिंह नयाल और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान और विद्यालय हमेशा छात्रों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देता रहेगा।



