देहरादून के इस सरकारी प्राइमरी स्कूल में बिना किसी रुकावट के चलेगी ऑनलाइन क्लास

Rajesh Pandey

डोईवाला। 05 फरवरी, 2025

लगातार तीन वर्ष से राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में ऑनलाइन क्लास चला रहे लोटस पेटल फाउंडेशन(Lotus Petal Foundation) ने बुधवार को विद्यालय में आईटी रूम सेटअप किया। आईटी रूम सेटअप करने का उद्देश्य विद्यालय में ऑनलाइन क्लास को निर्बाध रूप से संचालित करना है।

फाउंडेशन ने कक्षा तीन के कक्ष में 43 इंच गूगल टीवी, लैपटॉप, वेबकैम, माइक्रोफोन, वाइ-फाइ राउटर तथा इनवर्टर लगाकर आईटी रूम का पूरा सेटअप तैयार किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने बताया, लोटस पेटल फाउंडेशन जुलाई 2022 से विद्यालय को निरंतर ऑनलाइन क्लास प्रदान कर रहा है। उनकी इस ऑनलाइन क्लास से विद्यालय के छात्रों के अंग्रेजी भाषा के कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

अब तक विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर ऑनलाइन क्लास डिस्कनेक्ट हो जाती थी, लेकिन अब फाउंडेशन ने स्मार्ट टीवी, लैपटॉप के साथ ही विद्यालय में इनवर्टर भी स्थापित कर दिया है, जिससे ऑनलाइन क्लास बिना किसी व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।

रामगढ़ के स्कूल में फाउंडेशन निशुल्क संचालित करता है ऑनलाइन क्लास

विद्यालय में पहुंचे लोटस पेटल फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवकांत ने बताया, फाउंडेशन 15 राज्यों में विभिन्न सरकारी तथा गैर सरकारी विद्यालयों को ऑनलाइन क्लास उपलब्ध करा रहा है, जिसके लिए उन विद्यालयों से शुल्क लिया जाता है, परन्तु राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ एक मात्र ऐसा विद्यालय है, जहां फाउंडेशन फ्री ऑफ कॉस्ट ऑनलाइन क्लास संचालित होती है।

उन्होंने बताया, वर्ष 2022 में जब हमने विद्यालय में ऑनलाइन क्लास शुरू की, तो विद्यालय के शिक्षक अपने मोबाइल से क्लास कनेक्ट करते थे, जिसमें क्लास बहुत बार डिस्कनेक्ट हो जाती थी। फिर विद्यालय के शिक्षकों ने ऑनलाइन क्लास के सुचारू संचालन के लिए विद्यालय में ब्रॉडबैंड कनेक्शन लगवाया तो हमने भी निश्चय किया कि अगर विद्यालय ने हाथ बढ़ाया है तो हम भी पूरी तरह से विद्यालय का हाथ थामने को तैयार हैं। विद्यालय जब तक चाहेगा फाउंडेशन तब तक विद्यालय को फ्री ऑफ कॉस्ट ऑनलाइन क्लास उपलब्ध कराता रहेगा।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने लोटस पेटल फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवकांत, ऑनलाइन क्लास संचालित करने वाली शिक्षिकाओं, फाउंडेशन की आईटी टीम तथा फाउंडेशन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर लोटस पेटल फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवकांत, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक उषा चौधरी, मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल तथा विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *