उत्तराखंड में दुग्ध उत्पादक समितियों के सचिवों को सीएम की सौगात

Rajesh Pandey
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना की शुरुआत करते हुए राज्यभर की दुग्ध उत्पादक समितियों के सचिवों की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा की। वहीं दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि में भी प्रति लीटर एक रुपया बढ़ा दिया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, मैदानी क्षेत्रों की दुग्ध समितियों के सचिवों के लिए प्रति लीटर दूध में 50 पैसे और पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध समितियों के सचिवों के लिए प्रति लीटर दूध में एक रुपया बढ़ेगा। सीएम ने दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि को ₹ चार प्रति लीटर से बढ़ाकर ₹ पांच प्रति लीटर करने तथा हल्द्वानी में दुग्ध विकास विभाग के निदेशालय के लिए जल्द से जल्द धनराशि जारी करने की घोषणा की।
बुधवार को मुख्यमंत्री ने देहरादून में सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में दुग्ध विकास विभाग के तहत संचालित दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दुग्ध उत्पादकों को डीबीटी के माध्यम से दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दूध उत्पादक काश्तकारों से जुड़ी हर समस्या का समाधान सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर किया जा रहा है। दूध मूल्य प्रोत्साहन योजना से करीब 53 हजार लोगों को सीधे-सीधे लाभ होगा। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में जाएगी।
उन्होंने कहा, इस तरह की योजना आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र सबका साथ सबका विकास एवं सबके विश्वास के साथ हमारी सरकार लगातार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है।
सीएम ने कहा, दुग्ध क्रांति के क्षेत्र में हम सभी की सामूहिक भूमिका है। आने वाले समय में सरकार दूध विकास विभाग के साथ समन्वय कर इससे जुड़े लोगों को प्रशिक्षण देगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हम सभी आपसी तालमेल एवं सहयोग से उत्तराखंड में श्वेत क्रांति लाएंगे।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *