देहरादून, 19 जुलाई, 2026ः प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रतीक हरेला पर्व पर राजकीय प्राथमिक प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज ने पौधारोपण कार्यक्रम एवं गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी (Range Forest Officer) उर्वशी गौतम के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण की शपथ ली।
वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम ने कहा, हमारे प्रदेश में हरेला मनाने की परंपरा बहुत पुरानी है, अब सरकार ने हरेला को राजकीय पर्व घोषित कर दिया है और यह बहुत ही व्यापक स्तर पर मनाया जाता है। इसके अंतर्गत पूरे एक माह तक पौधारोपण और पौधों के संरक्षण के लिए कार्य किया जाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों और बच्चों से घर पर जाकर भी कम से कम एक पौधा अपने घर या आसपास लगाने तथा उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम की डिस्ट्रिक्ट लीडर एकता राणा ने कहा कि उनकी संस्था मुख्य रूप से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर कार्य करती है और स्वच्छता सीधे पर्यावरण से जुड़ी हुई है। उन्होंने सभी बच्चों और अभिभावकों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने का अनुरोध किया।
गोष्ठी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज ने विद्यालय में पौधारोपण कार्यक्रम तथा गोष्ठी आयोजित करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने उपस्थित अतिथियों को आश्वस्त किया कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए विद्यालय की तरफ से पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम एवं गोष्ठी में रामगढ़ रेंज की वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम, बीट प्रभारी चंद्र किशोर बडोनी, सुभाष रावत, विकास थापा, अमित गुरुंग, सुरेंद्र, सुमित, आशीष नेगी, डिटॉल बनेगा स्वास्थ्य इंडिया कार्यक्रम की डिस्ट्रिक्ट लीडर एकता राणा, कोऑर्डिनेटर प्रियंका, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, भोजनमाता विमला देवी, अभिभावक जागेश कुमार, सोहनलाल पिंकी कश्यप, सीमा देवी, राजेश कुमार, मंजू देवी समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



