गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस अफसरों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक अलंकरण

Rajesh Pandey

देहरादून। 26 जनवरी, 2025

गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।

कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक अलंकरण कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सूचना विभाग द्वारा 38वें राष्ट्रीय खेलों से संबंधित झांकी के अलावा महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, उद्योग विभाग एवं संस्कृत शिक्षा विभाग ने विभिन्न कार्यक्रमों, योजनाओं तथा नीतियों पर आधारित मनमोहक झाँकियों का भी प्रदर्शन किया।

इस प्रदर्शन में सूचना विभाग की झाँकी को प्रथम, संस्कृत शिक्षा विभाग को द्वितीय तथा शिक्षा विभाग की झाँकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जिन्हें राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया गया।

समारोह में सेना की 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, हिमाचल पुलिस, 40वीं वाहिनी पीएसी, 40वीं वाहिनी महिला दल, उत्तराखंड होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल, एनसीसी बॉयज, एनसीसी गर्ल्स, अश्व दल, पुलिस संचार, अग्निशमन, सीपीयू ने भव्य परेड में प्रतिभाग किया।

परेड करने वाली टुकड़ियों में प्रथम स्थान पर सीआरपीएफ, द्वितीय स्थान पर 14वीं डोगरा रेजीमेंट आर्मी और तृतीय स्थान पर 40वीं वाहिनी महिला पीएसी दल रहे, जिन्हें राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हमने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश की विकास यात्रा में उत्तराखंड भी बढ़-चढ़कर योगदान दे रहा है। राज्य सरकार के प्रयासों और प्रदेशवासियों के परिश्रम से हम न केवल आर्थिक और सामाजिक विकास के नए आयाम छू रहे हैं, बल्कि देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं।

76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 10 अधिकारियों/कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही राज्यपाल उत्कृष्ठ सेवा पदक से राज्य पुलिस बल के 8 अधिकारियों/कर्मचारियों का भी पदक अलंकरण किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृहमंत्री भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 के लिए आई.टी.आई काशीपुर पुलिस थाना, ऊधमसिंह नगर को राज्य बेस्ट पुलिस थाना घोषित किया गया।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *