बुजुर्गों को पेंशन का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान, 30 सितंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन

समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वृद्धजनों, जिनके परिवार की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से अधिक नहीं है, को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाती है। पति-पत्नी दोनों के पात्र होने की स्थिति में परिवार को कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन बैंक खाते के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।

Rajesh Pandey

30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कराने का लक्ष्य, डीएम ने अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

देहरादून 04 सितंबर,2026ः देहरादून जनपद में कोई भी पात्र बुजुर्ग सामाजिक सुरक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए जिला प्रशासन सितंबर माह में वृद्धावस्था पेंशन योजना से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

समाज कल्याण विभाग की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र वृद्धजनों, जिनके परिवार की वार्षिक आय 48 हजार रुपये से अधिक नहीं है, को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाती है। पति-पत्नी दोनों के पात्र होने की स्थिति में परिवार को कुल 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन बैंक खाते के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।

जिलाधिकारी ने कहा, विशेष अभियान के दौरान ऐसे बुजुर्गों को चिन्हित किया जाएगा, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारणवश अभी तक वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

अभियान के तहत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र वृद्धजनों से संपर्क कर उनके पेंशन आवेदन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग करेंगे। पात्र व्यक्ति समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन के लिए ग्राम सभा में पारित प्रस्ताव तथा राजस्व विभाग से जारी आय प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। पात्र वृद्धजनों के चिन्हीकरण और आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सितंबर माह में ग्राम पंचायतों की विशेष बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में संबंधित तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र सहित निर्धारित औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को अपने-अपने क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर संचालित करें। पात्र वृद्धजनों को व्यक्तिगत सहयोग उपलब्ध कराते हुए उनके ऑनलाइन आवेदन कराए जाएं और आवेदन किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

प्रशासन ने 30 सितंबर 2026 तक वृद्धावस्था पेंशन के सभी ऑनलाइन आवेदनों को नियमानुसार अग्रसारित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

वहीं, 30 सितंबर तक आवेदन करने वाले पात्र वृद्धजनों को अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि का भुगतान नवंबर 2026 तक किए जाने की व्यवस्था की गई है।

अभियान की निगरानी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल को नोडल अधिकारी तथा समस्त सहायक समाज कल्याण अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। ब्लॉकवार तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र वृद्धजनों तक योजना का लाभ पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे।

जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पात्र बुजुर्गों और उनके परिजनों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक पात्र वृद्धजन तक पेंशन का लाभ पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि उनके आसपास कोई ऐसा बुजुर्ग है, जो वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र है, लेकिन अभी तक योजना का लाभ नहीं ले पा रहा है, तो उनकी पहचान कराते हुए निकटतम सीएससी सेंटर अथवा संबंधित कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कराने में सहयोग करें। प्रशासन का उद्देश्य विशेष अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ना है, ताकि कोई भी पात्र बुजुर्ग पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *