उत्तराखंड चारधाम यात्रा में एम्स की ड्रोन मेडिकल सेवा

Rajesh Pandey

ऋषिकेश। न्यूज लाइव

इस बार उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में एम्स की ड्रोन मेडिकल सेवा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। इसके लिए एम्स में प्रदेशभर के चिकित्सकों के साथ कार्यशाला आयोजित की गई। चिकित्सकों के सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बीते फरवरी एम्स ऋषिकेश ने नियमित ड्रोन मेडिकल सेवा शुरू की थी, जिसके तहत जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में दवाइयां व ब्लड कंपोनेंट आदि भेजकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध की जा रही हैं। अब तक चंबा, न्यू टिहरी, हिंडोलाखाल, यमकेश्वर आदि स्थानों पर उक्त सेवा से दवाइयां भेजी गई हैं।

अब एम्स जल्द ही हरिद्वार, रुड़की व नरेंद्रनगर के लिए भी उक्त सेवा शुरू करने जा रहा है।

ड्रोन सेवा को और अधिक प्रभावशाली बनाए जाने के लिए शनिवार को एम्स ऑडिटोरियम में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र के कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल प्रो. अतुल कोतवाल व एम्स निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया।

कार्यशाला में प्रदेशभर से 48 चिकित्सक व 47 स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में चारधाम यात्रा के दौरान ड्रोन तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला संयोजक व ड्रोन मेडिकल सेवा के नोडल डा. जितेंद्र गैरोला ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान पैदल यात्रियों के दुर्घटना से ग्रसित होने या अन्य परिस्थितियों पर मॉनिटरिंग के लिए भी ड्रोन का उपयोग किया जाएगा।

साथ ही, पर्वतीय क्षेत्रों में दुर्घटना होने पर रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले घटनास्थल की स्थिति का आकलन ड्रोन से कर चिकित्सकों से संवाद स्थापित किया जाएगा।

डा. जितेंद्र ने बताया कि कार्यशाला में पांच सत्र आयोजित किए गए, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक के बेहतर प्रयोग के लिए सुझाव दिए।

कार्यशाला के दौरान एक सत्र में चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को ड्रोन उड़ाकर भी दिखाया गया।

कार्यशाला में डीन एकेडमिक प्रो. जया चतुर्वेदी, प्रो. शैलेन्द्र हांडू, कार्यशाला के संयोजक डॉ. जितेंद्र गैरोला, ड्रोन पायलट ममता रतूड़ी, ऋषभ कोठियाल, शिवानी भट्ट, अखिलेश कुमार, शिवाशीष डोभाल व टेक ईगल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *