मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने एक दिन में लिए ये बड़े फैसले

Rajesh Pandey
  • मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 50 हजार से अधिक आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को सम्मान राशि देने का फैसला लिया
  • कुमाऊं व गढ़वाल मंडल विकास निगमों तथा राज्य परिवहन निगमों को मजबूती के लिए स्वीकृत की 19 करोड़ रुपये की राशि
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को कुछ बड़े फैसले लिए। उन्होंने राज्य में संचालित राजकीय मेडिकल कॉलेजो के पीजी नॉन क्लीनिकल पाठयक्रम की फीस को पांच लाख रुपये से एक लाख किए जाने की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य परिवहन निगम तथा गढ़वाल व कुमाऊं मंडल विकास निगमों को मजबूती देने के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए है।
वहीं, राज्यभर में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों व पर्यावरण मित्रों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश वापस लेने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही, प्रत्येक आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता के खाते में एक-एक हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की। राज्य में आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं की संख्या 50 हजार से अधिक है।
वहीं, मुख्यमंत्री रावत ने गुरुवार को अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर, देहरादून में बनाए गए कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया। कोविड सेंटर में कोविड- 19 के मानकों के अनुसार सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
रायपुर कोविड केयर सेंटर में अभी 750 बेड की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर इस सेंटर की क्षमता को बढ़ाकर चार हजार बेड तक की जा सकती है। यहां ठहरने वाले लोगों के लिए सुरक्षात्मक दृष्टि से फ्री में आवश्यक सामग्री की किट दी जाएगी।
दिन में तीन टाइम के भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी गई है। आयुष विभाग द्वारा इम्युनिटी बढ़ाने के लिए काढ़ा भी उपलब्ध कराया गया है।
अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बनाए गए इस सेंटर में लोगों को ठहरने के लिए चार फ्लोर में व्यवस्था की गई है। इसमें 38 वार्ड एवं 750 बेड हैं। मेडिकल सुविधाओं के साथ ही,योगा एवं मेडिटेशन की व्यवस्था की गई है।
सुबह एक्सपर्ट ऑनलाइन योगा एवं मेडिटेशन की क्लास देंगे। इसके लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। कोविड केयर सेंटर में सैनेटाइज, थर्मल स्क्रीनिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं कोविड के मानकों के हिसाब से अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। फैमिली वार्ड अलग से बनाए गए हैं। 
मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत राज्य सरकार ने सुरक्षात्मक दृष्टि से हर सम्भव प्रयास किए हैं। अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में कोविड के दृष्टिगत हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। शासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ ही स्वयं सेवी संस्थाओं ने भी इसके लिए सहयोग किया है। कोविड-19 पर नियंत्रण एवं लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि यहां पर चार हजार लोगों की ठहरने की व्यवस्था हो सकती है। कोविड पर नियंत्रण के लिए जिस तरह से प्रदेश में सतर्कता बरती जा रही, उम्मीद है कि हम जल्द ही नियंत्रण की स्थिति में होंगे। प्रदेश में कोरोना पाॅजिटव के रिकवरी रेट में वृद्धि हुई है, डबलिंग रेट में भी सुधार आया है। अभी हमारा रिकवरी रेट 65 प्रतिशत एवं डबलिंग रेट 25 दिन है। 
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *