
उत्तराखंड में मिलावटखोरों से सख्ती से निपटने की तैयारी
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ शुरू होगा विशेष अभियान
देहरादून। उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी करके लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य सचिव तथा खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्ययोजना बनाई जा रही है।
विभागीय विज्ञप्ति के अनुसार, त्योहारी सीजन नवरात्र, दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा इनके सैंपल इकट्ठे करके लैब में जांच कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मोबाइल फूड टेस्टिंग के माध्यम से खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की जाएगी, साथ ही उपभोक्ताओं को घरेलू तरीकों से मिलावट की जांच के संबध में जागरूक किया जाएगा।
एफएसएसएआई भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार राज्य में वर्ष 2023-24, वर्ष 2024-25 के लिए बनाए गए वार्षिक सर्विलांस प्लान के तहत हर माह 500 फूड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। पहले चरण में माह अक्टूबर से दिसंबर 2023 तक सर्विलांस में दूध एवं दूध से बने पदार्थों, मसालों, खाद्य तेल, एवं मिठाइयों के नमूनों की प्राथमिकता के आधार पर सर्विलांस जांच कराई जाएगी। जांच के परिणाम के आधार पर राज्य स्तर पर प्रवर्तन की कार्रवाई दूसरे चरण में की जाएगी।













