TALLA BANAS में पीपल की जड़ों वाला पानी पीता पूरा गांव

Rajesh Pandey
पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लाक के तल्ला बणास गांव में पीपल वाले स्रोत से पानी लेकर जातीं महिलाएं। फोटो- राजेश पांडेय

राजेश पांडेय। न्यूज लाइव

पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लाक के तल्ला बणास गांव को अपने वर्षों पुराने पानी के स्रोत पर ही विश्वास है। गांववाले कहते हैं, स्रोत का पानी स्वच्छ है, शुद्ध है और हमारी सेहत के लिए अच्छा भी। हमें पाइपों से घर आ रहे पानी की स्वच्छता पर उतना विश्वास नहीं है, जितना इस पर है। इसलिए प्रतिदिन आधा किमी. दूर स्रोत पर पानी लेने जरूर जाते हैं।

तल्ला बणास के घरों में दो योजनाओं से पानी आता है, इसमें एक योजना हंस फाउंडेशन के सहयोग से है और दूसरी जल जीवन मिशन से बताई जाती है। एक योजना में सुबह और दूसरी से शाम को पानी पहुंचता है। ग्रामीण पेयजल योजनाओं से खुश हैं, पर पीने के लिए आज भी पीपल की जड़ों से निकल रहा पानी घर लाते हैं। ग्रामीणों को नहीं मालूम, यह स्रोत कितना पुराना है, पर इसको अपने बुजुर्गों से भी पहले का बताते हैं। बीए के छात्र दीपक नेगी, बताते हैं, उन्होंने सुना है कि यह स्रोत दादा जी से भी पहले का है।

पौड़ी गढ़वाल के तल्ला बणास गांव में वर्षों पुराना पीपल वाला जलस्रोत। फोटो- राजेश पांडेय

जब हम दीपक नेगी के साथ, पीपल वाले स्रोत पर जा रहे थे, रास्ते में हमें गणेशी देवी और सुमन देवी पानी लाते हुए मिले। उन्होंने सिर पर पानी से भरे बंटे रखे थे। गणेशी देवी बताती हैं, घरों पर आ रहा पानी कपड़े धोने, बरतन धोने, पशुओं को पिलाने तथा अन्य घरेलू कार्यों में इस्तेमाल करते हैं। पर, पीने के लिए पीपल वाले स्रोत का पानी सबसे अच्छा है। यह शुद्ध है, स्वच्छ है।

हम स्रोत पर पहुंचे और पीपल के विशाल वृक्ष की जड़ों वाले स्रोत को देखा, जिसे ग्रामीणों ने ढका है। स्रोत से एक पाइप लाइन के जरिये पानी आगे बढ़ रहा है, जिसे ग्रामीण बरतनों में भरते हैं।

पौड़ी गढ़वाल के तल्ला बणास गांव में पीपल का पेड़, जिसकी जड़ों पर जलस्रोत है। फोटो- राजेश पांडेय

दीपक बताते हैं, गर्मियों में यहां भीड़ रहती है। स्रोत के पास ही, लोगों के बैठने के लिए सीमेंटेड बैंच बनाए गए हैं। यहां साफ हवा है, दूर दूर तक दिखते पहाड़ों को देखने का आनंद ही कुछ और है।

नियो विजन संस्था के संस्थापक गजेंद्र रमोला बताते हैं, जल स्रोतों पर लोग इकट्ठा होते हैं। यह सामाजिक सहभागिता, सद्भाव को भी बढ़ाता है। पानी लेने के दौरान एक दूसरे से सुख दुख की बातें भी हो जाती हैं। यहां लोगों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। जड़ों से रिसकर आ रहा पानी तो शुद्ध होगा ही। वाकई बहुत शानदार है यह जल स्रोत।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *