NEP 2020: कक्षा छह से आठ के छात्रों के लिए दस दिन का बैगलेस कार्यक्रम

Rajesh Pandey

नई दिल्ली। न्यूज लाइव

कक्षा 6 से 8 के सभी छात्र दस-दिवसीय बैगलेस (Bag less) कार्यक्रम में शामिल होकर स्थानीय कौशल विशेषज्ञों के साथ इंटर्नशिप करेंगे और पारंपरिक स्कूल व्यवस्था से बाहर की गतिविधियों में भाग लेंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के पैराग्राफ 4.26 में बैगलेस (Bag less) कार्यक्रम की अनुशंसा की गई है। इन सिफारिशों के आधार पर, पीएसएससीआईवीई ने बैगलेस डेज़ को लागू करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश तैयार किए हैं। ये दिशा-निर्देश स्कूलों में छात्रों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक आनंददायक, प्रयोगात्मक और तनाव-मुक्त बनाने के उद्देश्य से डिज़ाइन किए गए हैं।

बैगलेस डेज़ को पूरे वर्ष प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसमें कला, क्विज़, खेल और कौशल-आधारित शिक्षा जैसी विभिन्न गतिविधियां शामिल होंगी। छात्रों को कक्षा के बाहर की गतिविधियों से समय-समय पर अवगत कराया जाएगा, जिसमें ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा, स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के साथ बातचीत और स्थानीय कौशल आवश्यकताओं के अनुसार उनके गांव, तहसील, जिले या राज्य के भीतर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का दौरा शामिल है।

28 जून, 2024 को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता (एसई एवं एल) विभाग के सचिव संजय कुमार ने स्कूलों में बैगलेस डेज़ के लिए शिक्षा मंत्रालय के तहत एनसीईआरटी की इकाई पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई) द्वारा तैयार किए गए दिशा-निर्देशों की समीक्षा की।

इस बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) और केन्द्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

छात्रों को स्थानीय पारिस्थितिकी के बारे में जागरूक करने, उन्हें पानी की शुद्धता की जांच करना सिखाने, स्थानीय वनस्पतियों और जीवों को पहचानने और स्थानीय स्मारकों का दौरा करने सहित विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई। इस समीक्षा के आधार पर, पीएसएससीआईवीई अपने दिशा-निर्देशों को और बेहतर बनाएगा तथा इन्हें अंतिम रूप देगा।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *