देहरादून में 18 अक्तूबर को होगी पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा, तैयारियां पूरी
देहरादून, 16 अक्तूबर 2026ः उत्तराखंड में पशुधन प्रसार अधिकारी एवं सर्वेक्षक की लिखित परीक्षा-2026 के आयोजन के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोनों पदों की परीक्षाएं 18 अक्तूबर, रविवार को दो पालियों में होगी, जिनमें 10,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पशुधन प्रसार अधिकारी पद की लिखित परीक्षा के लिए जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 8,957 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी।
वहीं, सर्वेक्षक पद की लिखित परीक्षा चार केंद्रों पर होगी, जिसमें 1,535 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में कोषागार सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता और गंभीरता से करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल ओएमआर शीट, नमूना सील और अन्य गोपनीय सामग्री आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कोषागार में सुरक्षित जमा कराई जाए। गोपनीय सामग्री के रखरखाव, परिवहन और जमा करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में उप कोषाधिकारी भरत सिंह मेवाड़, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के बृजलाल बहुगुणा एवं सुभाष चंद्र घिल्डियाल सहित नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





