मुख्यमंत्री ने की जोशीमठ का नाम ज्योर्तिमठ करने की घोषणा

Rajesh Pandey
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के ब्लाक नन्दानगर (घाट) में जनसभा को संबोधित करते जोशीमठ का नाम ज्योर्तिमठ करने की घोषणा की। जोशीमठ का पौराणिक नाम ज्योर्तिमठ है।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लगभग 56.55 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इससे पहले नन्दानगर पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने फूल मालाओं से उनका जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और शाल भेंट किया। साथ ही घाट ब्लाक का नाम नन्दानगर रखने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
मुख्यमंत्री धामी ने सर्वप्रथम मां भगवती नन्दा राजेश्वरी के सिद्धपीठ कुरूड़ की पावन भूमि को नमन किया। सभा को संबोधित करते हुए धामी ने कहा, आज श्रद्धेय जननायक, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती भी है। भारत के मानचित्र में अलग राज्य के तौर पर उत्तराखंड का गठन करने वाले अटल जी को देवभूमि का शत-शत प्रणाम करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए हम दिन रात प्रयत्नशील हैं। हमारा संकल्प है राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष तक उत्तराखंड को भारत का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना और हमारा संकल्प ’’विकल्प रहित संकल्प’’ है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी।
सांसद एवं पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हमारी सरकार ने तेजी से क्षेत्र का विकास किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार चारधामों को सड़क और रेल लाइन से जोड़ने का काम कर रही है। आज देश और प्रदेश का विकास कुशल नेतृत्व से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, हम सब प्रदेश के विकास के लिए संकल्पबद्ध हैं और इसी संकल्प के साथ हमारी सरकार रात दिन विकास कार्य में जुटी है। उन्होंने कहा, ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेलवे लाइन को पहुंचाने की कवायद के मेरे ड्रीम प्रोजेक्ट को भी प्रधानमंत्री ने साकार कर दिया।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *