राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ः प्रबंधन समिति ने पास किया क्लासरूम और लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव

Rajesh Pandey

देहरादून। 01 फरवरी, 2025

राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ की विद्यालय प्रबंधन समिति की फरवरी माह की बैठक में विद्यालय में कक्षा-कक्षों की कमी पर चिंता प्रकट की गई। प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाने पर जोर दिया गया। इसके लिए विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षा कक्ष तथा पुस्तकालय के लिए एक अलग कक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा देहरादून को भेजने का निर्णय लिया गया।

समिति की बैठक की अध्यक्षता नव निर्वाचित पार्षद सोबत चन्द रमोला ने की।

बैठक का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा तथा नव निर्वाचित पार्षद सोबत चन्द रमोला, पूर्व उप प्रधान संध्या थापा, समाज सेवी सोहन शाही, शशि सेमवाल तथा आलोक परमार ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने गढ़वाली में मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की।

विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनिर्वाचित पार्षद सोबत चन्द रमोला तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

बैठक में विद्यालय विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के अंतर्गत विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन से संबंधित शासनादेश के अनुसार शहरी क्षेत्र में स्थित विद्यालय के वार्ड सदस्य विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य होते हैं। वार्ड – 85 मोथरोवाला से पार्षद निर्वाचित होने के बाद सोबत सिंह रमोला विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य हैं।

बैठक में उपस्थित अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षणिक प्रगति से अवगत कराया गया।

बैठक में प्रोजेक्ट उत्कर्ष, पुस्तकालय विकास, यूथ एवं इको क्लब आदि के अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर लोटस पेटल फाउंडेशन द्वारा विद्यालय को इनवर्टर उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति ने फाउंडेशन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

बैठक में नवनिर्वाचित पार्षद सोबत चन्द रमोला ने कहा कि उन्हें प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आकर बहुत अच्छा लगा। इस विद्यालय में आने से सरकारी विद्यालयों के प्रति आम जनमानस की जो धारणा है, वह पूरी तरह बदल जाती है। उन्होंने विद्यालय विकास के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा, पूर्व प्रधान संध्या थापा, समाजसेवी शशि सेमवाल, सोहन शाही, आलोक परमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक उषा चौधरी, मीना घिल्डियाल, वीरेंद्र उनियाल, अभिभावक बिमला लिंबू , अंजना देवी, आशा, नूरी, शबाना, मंजू देवी, सरस्वती, शोभा, पूजा पुन, आंचल, रूपा देवी, रानी, केश्वर जहां, ताज बीबी, तीनों भोजन माताएं लक्ष्मी देवी, विमला देवी तथा नीलिमा थापा उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *