डोईवाला अस्पताल को खुद क्यों नहीं चलाना चाहती सरकार

Rajesh Pandey

डोईवाला


सरकार डोईवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। इसके विरोध में क्षेत्रवासियों का आंदोलन तेजी पकड़ने लगा है। अस्पताल परिसर में क्षेत्रवासियों का धरना और प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान लोगों ने सरकार को जगाने के लिए बुद्धि शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री अपनी विधानसभा के वर्षों पुराने अस्पताल की दशा में सुधार करें, न कि इसे किसी निजी संस्था को सौंपकर क्षेत्रवासियों की भावना से खिलवाड़ किया जाए। उनका सवाल है कि क्या सरकार इतनी बेबस हो गई है कि वो अपने अस्पताल को नहीं चला सकती।

डोईवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में क्षेत्रवासियों ने गुरुवार को भी धरना और प्रदर्शन जारी रखा। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में डोईवाला सीएचसी को अपग्रेड करने और इसकी दशा में सुधार का वादा किया था, लेकिन सरकार बनते ही इसको भुला दिया गया। यह स्थिति तब है, जब डोईवाला विधानसभा का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री ही करते हैं।

https://youtu.be/8OC88uxYBnE

सभा में नेगी ने आरोप लगाया कि पहले डोईवाला अस्पताल में सुविधाओं और स्टाफ की कमी की गई और फिर इसको बीमार करार देते हुए निजी हाथों को सौंपने की पूरी तैयारी कर ली गई। उन्होंने कहा कि जो भी निजी संस्था इस अस्पताल का संचालन करने की इच्छुक है, वो पहाड़ के दुर्गम इलाकों में जाकर लोगों का इलाज करने में रूचि क्यों नहीं लेती। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि डोईवाला सीएचसी में आने वाले गरीब परिवारों के मरीजों को सीधे इस संस्था के अस्पताल की ओर रैफर किया जाएगा। यह सीएचसी एक अस्पताल कम इस संस्था के एक काउंटर की तरह काम करेगा। उन्होंने कहा कि अगर निजी संस्था डोईवाला के लोगों के प्रति इतनी ज्यादा ही हमदर्दी रखती है तो अपने ही अस्पताल में यहां के मरीजों का निशुल्क इलाज क्यों नहीं करती।

सभा में निर्णय लिया गया कि शुक्रवार से घर-घर जाकर लोगों को अस्पताल के निजीकरण के खिलाफ जागरूक किया जाएगा, ताकि पूरा डोईवाला सरकार के इस फैसले का विरोध करे। इस आंदोलन से सभी दलों, सामाजिक संस्थाओं और बुद्धिजीवी वर्ग को जोड़ा जाएगा। गुरुवार को क्षेत्र की महिलाओं ने धरना स्थल पर भजन कीर्तन का आयोजन किया था। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मोहित शर्मा, धीरेंद्र चौहान, जाहिद अंजुम, मनमोहन नौटियाल, एनएसयूआई नगर अध्यक्ष पीएस वर्मा, सियाराम गिरी, रजत कुमार, सावन राठौर, अमरीक सिंह, जतिन साहनी, पदम सिंह, राहुल सैनी, संजय सिंह, कुलदीप त्यागी, परविंद्र सिंह, जय किशोर, राजवीर खत्री, रणवीर गुरुंग, संदीप सकलानी, अनिल घई, शोभित, तनवीर हुसैन, गुरुतेज सिंह, अनूप शर्मा आदि शामिल हुए।

 

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *