एम्स के डॉक्टर मूत्र संबंधित रोगों पर इस फोन नंबर पर देते हैं परामर्श

Rajesh Pandey

ऋषिकेश। न्यूज लाइव

एम्स ऋषिकेश के यूरोलॉजी विभाग ने अपनी टेलीयूरोलॉजी सेवा के माध्यम से चार महीनों में 1600 से अधिक रोगियों को न केवल स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध करवाया, बल्कि बड़ी संख्या में रोगियों को स्टेंट प्रबन्धन के लिए भी प्रेरित किया है।

एम्स ऋषिकेश के यूरोलाॅजी विभाग ने एक अगस्त 2024 को एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से टेलियूरोलाॅजी सेवा की शुरुआत की थी।

चिकित्सीय परामर्श की यह सेवा उन सभी मूत्र संबंधी रोगों से पीड़ितों के लिए विशेष लाभकारी हो रही है, जिन्हें किसी प्रकार की जानकारी लेने, सर्जरी होने के बाद फाॅलोअप के मामले और उपचार तथा समन्वय के लिए अपने चिकित्सक से जुड़ने की आवश्यकता होती है।

इस सेवा के उपयोग से रोगी, अस्पताल आने की असुविधा से भी बच जाते हैं।

विभाग के हेड और सीनियर यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. अंकुर मित्तल ने बताया कि यह सेवा एक अगस्त 2024 को शुरू की गई थी, तब से लगभग 1600 से अधिक रोगियों को इसका लाभ मिल चुका है।

इस सेवा से मुख्य रूप से निम्न सुविधाएं उपलब्ध होती हैं-

स्टेंट का समय पर प्रबंधन, सर्जरी के लिए डेट लेना,  सर्जरी के बाद व्यापक फॉलो-अप देखभाल ( जैसे यूरोलॉजिकल कैंसर संबंधित बीमारियों, महिलाओं की मूत्र संबंधित समस्याएं, रीनल ट्रांसप्लांट, ए. वी. फिस्टुला और फियोकोमोसाइटोमो ) आदि से जुड़ी समस्याओं पर चिकित्सीय परामर्श लेना, फोन से हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट की जानकारी उपलब्ध करवाना, मल्टीडिसिप्लिनरी ट्रीटमेंट का समन्वय और त्वरित पूछताछ व समाधान आदि जानकारियां उपलब्ध कराता है।

डाॅ. मित्तल ने बताया कि इस सेवा की उपयोगिता को देखते हुए यूरोलाॅजी विभाग शीघ्र ही इसका विस्तार करने जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक रोगी इसका लाभ उठा सकें।

एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने टेलीयूरोलाॅजी सेवा को बहुलाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि सक्रिय उपचार, सर्जरी के बाद फॉलो-अप और सर्जरी का इंतजार कर रहे मरीजों के लिए उपयोगी साबित हो रही इस सेवा ने तकनीक और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण का उपयोग करके स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान की उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक है सुविधा
एम्स की टेलीयूरोलॉजी सेवा सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे के मध्य संचालित होती है।

इस सेवा का लाभ उठाने के लिए विभाग द्वारा 8126542780 फोन नम्बर जारी किया गया है।

विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. ए. के. मंडल, डॉ. अंकुर मित्तल, डॉ. विकास पंवार, डॉ. दिलीप कुमार के अलावा रेजिडेंट्स डॉक्टर्स और एसएनओ दीपेश स्वामी आदि इस नम्बर फोन करने वाले प्रत्येक मूत्र संबंधी रोग से पीड़ितों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श देते हैं।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *