Ginger farming in Dehradun: देहरादून, 8 जून, 2026ः माल देवता से आगे घन्तू का सेरा बांदल नदी के किनारे एक ऐसा इलाका है, जो अपनी नगदी फसलों के लिए जाना जाता है। क्यारा और सिल्ला तक हमने बांदल नदी के दोनों किनारों पर देहरादून के साथ, टिहरी जनपद के खेतों में भी फसलें देखीं। यहां अधिकतर गांवों में खेती वर्षा आधारित ही है। कृषि एवं औद्यानिकी विशेषज्ञ डॉ. आरपी कुकसाल बताते हैं, “उत्तराखंड के पर्वतीय असिंचित (वर्षा आधारित) क्षेत्रों में अदरक की खेती नगदी और व्यावसायिक फसल के रूप में लोकप्रिय है।”
Ginger farming in Dehradun: घन्तू के सेरा में सड़क किनारे घर के पास क्यारियों में उर्मिला पंवार अपने पुत्र मनोज व उनकी पत्नी के साथ अदरक की बुवाई कर रही थीं। हमने उनसे अदरक की खेती के पूरे गणित को समझने की कोशिश की। क्या वास्तव में अदरक सहित अन्य नकदी फसलें लाभ का सौदा हैं। उर्मिला बताती हैं, “अदरक उगाने से लाभ है, इसलिए तो हम खेतों में मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया, यहां किसान अदरक, प्याज,आलू, बीन्स, धनिया, हल्दी खूब उगाते हैं। हम बार बीज बोकर अदरक की दो उपज हासिल करते हैं। पहली उपज लगभग तीन महीने में प्राप्त कर लेते हैं। यह वो हिस्सा होता है, जो हम बोते हैं।”
Ginger farming in Dehradun: उन्होंने बताया, अभी हम एक खास तकनीक से बीज बो रहे हैं। बीज पर जो किल्ले (अंकुर) निकले हैं, इनको ऊपर की तरफ करना है। करीब दो ढाई महीने में पौध के नीचे से बीज वाले हिस्से को बाहर निकाल लेंगे। पर, इस हिस्से को पौधे से अलग करने में सावधानी बरतनी चाहिए। आधा बीघा में तीन कुंतल बीज बोया है, तो इसमें से पुरानी अदरक लगभग ढाई कुंतल ही मिल पाएगी, क्योंकि लगभग आधा कुंतल गल जाती है या खराब हो जाती है।”
“जून में बीज बो रहे हैं, सितंबर तक उपज का पहला भाग यानी बोया हुआ बीज हासिल कर लिया। फिर अक्तूबर या नवंबर तक दूसरी बार उपज हासिल करते हैं। कुल मिलाकर हमें इतनी ही उपज और मिल जाती है। कुल मिलाकर देखा जाए तो लगभग छह कुंतल उपज दोनों बार में मिल जाती है।
यह भी देखेंः इस तरह किया जाए अदरक के बीज का भंडारण
किसान उर्मिला पंवार ने बताया, पहली उपज, जिसे हम पुरानी अदरक कहते हैं, को बाजार में अच्छा मूल्य मिलता है। यहां की अदरक 90-100 रुपये प्रति किलो तक बिकती है। यहां से देहरादून मंडी तक फसल को लोडर से पहुंचाया जाता है। कई किसान एजेंट्स के माध्यम से फसल बाजार पहुंचाते हैं। कुछ किसान स्वयं ही मंडी जाकर फसल बेचते हैं। अदरक अच्छी पैदावार वाली उपज है। खास बात यह है कि इसको बंदर और अन्य जानवर भी नहीं खाते।
यह भी देखेंः हकीकत ए उत्तराखंडः खेतू के खेतों में ही सड़ गई अदरक, सरकार को नहीं देता सुनाई

किसान मनोज पंवार बताते हैं, “अदरक को कुछ महीने बाद निकालेंगे तो और ज्यादा उपज मिलेगी। हम छह माह में ही दोनों उपज खेतों से बाहर निकालकर बाजार भेज देते हैं।”
कृषि एवं औद्यानिकी विशेषज्ञ डॉ. आरपी कुकसाल बताते हैं, “अदरक का बीज काफी महंगा मिलता है। किसान उपज को दो बार हासिल करके बीज निकाल लेते हैं, यह अच्छी बात है। इस क्षेत्र में काफी संख्या में किसान अदरक की खेती करते हैं। बाजार में कच्ची अदरक की डिमांड भी रहती है। वैसे, अदरक लगभग आठ से नौ महीने की फसल है। बताते हैं, उत्तराखंड के पर्वतीय असिंचित (वर्षा आधारित) क्षेत्रों में अदरक की खेती नगदी और व्यावसायिक फसल के रूप में लोकप्रिय है।”




