Govt Primary School Ramgarh: देहरादून, 17 मई, 2026ः राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति की शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रथम बैठक की अध्यक्षता पार्षद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य सोबत चंद्र रमोला ने की। बैठक में विद्यालय विकास, छात्रों की शैक्षणिक प्रगति, विद्यालय संचालन की समयावधि एवं छात्रों की नियमित उपस्थिति, छात्रों की अपार आईडी बनाने, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण एवं बुक बैंक के लिए उन पुस्तकों की सुरक्षित वापसी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।
Govt Primary School Ramgarh: बैठक में एक दानदाता (जो अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते) द्वारा दी गई एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की स्टेशनरी छात्र-छात्राओं को वितरित की गई।
बैठक का शुभारंभ क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
Govt Primary School Ramgarh: बैठक में सर्वप्रथम एक दानदाता द्वारा छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के लिए उपलब्ध कराई गई एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की स्टेशनरी का वितरण पार्षद सोबत चंद्र रमोला एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा ने किया। उन दानदाता द्वारा प्रत्येक छात्र के लिए 200 पेज की पांच कॉपी, एक ड्राइंग फाइल, एक पैकेट स्केच कलर, एक पैकेट वैक्स कलर, एक पेंसिल, एक इरेजर, बॉक्स फाइल बनाने के लिए एक फोल्डर तथा विद्यालय के लिए 50 क्रेप पेपर, दस कैंचियां, दस बोतल फेविकोल, दस स्केल तथा क्राफ्ट से संबंधित अन्य सामग्री भेंट की गईं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने बताया कि इन दानदाता ने गत वर्ष भी इसी तरह की सामग्री दान दी थी। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने इन दानदाता का तालियां बजाकर धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रधानाध्यापक ने नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया तथा सभी अभिभावकों से अपने पाल्यों को निर्धारित समय पर नियमित रूप से विद्यालय भेजने का अनुरोध किया। साथ ही, घर पर भी उनकी पढ़ाई-लिखाई में यथासंभव सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी अभिभावकों से विभाग की ओर से उनके बच्चों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई पाठ्य पुस्तकों को सुरक्षित रखने तथा शिक्षा सत्र की समाप्ति पर बुक बैंक के लिए सही स्थिति में वापस करने का अनुरोध किया।
बैठक को संबोधित करते हुये क्षेत्रीय पार्षद एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य सोबत चंद्र रमोला ने कहा कि उक्त दानदाता महोदय का यह एक सराहनीय प्रयास है और यह सामग्री विद्यालय तथा छात्रों के शैक्षिक क्रियाकलापों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ उनके क्षेत्र का एक बेहतरीन विद्यालय है और सभी अभिभावक अपने तथा अपने आसपास के सभी बच्चों को इस विद्यालय में पढ़ने के लिये भेजें। उन्होंने विद्यालय के विकास हेतु अपने स्तर से भी यथासम्भव सहयोग करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी अक्षत सकलानी, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सीमा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापिका मीना घिल्डियाल, मधुलिका वीरेंद्र उनियाल, अभिभावक रूमा देवी, सरस्वती, जुलेखा, संजय, राजू, प्रमोद कुमार, भुनटुन दास, सीमा देवी, मनीषा पूजा, पूनम, लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, लता, केशवर जहां, फराना, शमीमा, अंजू देवी समेत अनेकों अभिभावक एवं भोजन माताएं लक्ष्मी देवी, विमला देवी तथा नीलिमा थापा उपस्थित रहे।




