Shri Krishna Leela Raiwala:रायवाला (देहरादून), 25 अप्रैल, 2025ः होशियारी माता मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण लीला कमेटी की ओर से श्रीकृष्ण लीला का श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि लीला के सभी पात्रों का सशक्त अभिनय महिलाएं कर रही हैं।
तीसरे वर्ष आयोजित श्रीकृष्ण लीला में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया जा रहा है।
पहले दिन हिरण्यकश्यप वध, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और भगवान श्री नरसिंह अवतार का प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण किया गया।
दूसरे दिन ध्रुव चरित्र, कंस दरबार और भगवान श्रीविष्णु से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया गया।

Shri Krishna Leela Raiwala: तीसरे दिन मां देवकी के छह बालकों की मृत्यु का भावुक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और गोकुल में हुए उत्सव की आकर्षक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
मंच संचालन कर रहीं बीना बंगवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना है। उन्होंने कहा कि सभी महिलाओं की ओर से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठाई जा रही है, ताकि गौवंश के संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके।
Shri Krishna Leela Raiwala: समिति की अध्यक्ष वर्षों से निराश्रित गौवंश की सेवा में समर्पित हैं। इस अवसर पर समिति की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संकल्प लिया कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस आयोजन में सरस्वती अधिकारी, दुर्गा, मंजू देवी, मंजू पाठक, अलका क्षेत्री, इकला, राधिका, प्रियंका सुबेदी, कमलेश भंडारी, लक्ष्मी डंगवाल, शोभा बडोला, माया डबराल सहित अनेक महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। श्रीकृष्ण लीला मंचन के दौरान ऋषि राम शर्मा, अनिल डबराल, राजेश रतूड़ी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




