Inspiring Birthday Celebration at School: रामगढ़ (देहरादून), 23 अप्रैल, 2026 : आज की चकाचौंध भरी जीवनशैली के बीच समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए दो नवयुवकों ने एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है। नौका रामगढ़ निवासी शुभम धीमान और संजय कुमार, जो प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) में कार्यरत हैं, ने अपना जन्मदिन राजकीय विद्यालयों के बच्चों के बीच सादगी और सेवा भाव से मनाया।
Inspiring Birthday Celebration at School: जन्मदिन के अवसर पर दोनों युवाओं ने सर्वप्रथम विद्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध मां दूधा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात, उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के 130 से अधिक छात्र-छात्राओं को टॉफियां, फ्रूटी और समोसे वितरित किए। विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका मीना घिल्डियाल ने छात्रों से दोनों युवाओं का परिचय कराया, जिसके बाद शिक्षकों और बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “नई पीढ़ी के इन युवाओं का अपने जन्मदिन को किसी महंगे रेस्टोरेंट के बजाय सरकारी स्कूल के बच्चों के बीच मनाना एक अत्यंत सराहनीय कदम है। यह उन बच्चों के प्रति संवेदनशीलता दर्शाता है जो अक्सर मुख्य धारा से वंचित रह जाते हैं। ऐसी पहल समाज के अन्य वर्गों को भी नेक कार्यों के लिए प्रेरित करेगी।”
Inspiring Birthday Celebration at School: प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह सोलंकी ने जानकारी दी कि ‘विशेष भोज’ योजना के अंतर्गत समाज का कोई भी व्यक्ति अपने या अपने परिजनों के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य किसी विशेष अवसर पर सरकारी विद्यालयों में बच्चों के लिए भोज का आयोजन कर सकता है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापिका मीना घिल्डियाल, मधुलिका, भोजन माता लक्ष्मी देवी, विमला देवी, नीलिमा थापा सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



