234 absent bonded doctors: इन डॉक्टर्स पर होगी कार्रवाई, एनएमसी को भेजी जाएगी लिस्ट

Rajesh Pandey

234 absent bonded doctors: अनुबंध के तहत गायब चिकित्सकों से मेडिकल कॉलेज करेंगे वसूली

देहरादून, 03 जुलाई 2025 – उत्तराखंड सरकार राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पासआउट उन 234 बॉन्डधारी चिकित्सकों के खिलाफ कड़ा कदम उठा रही है जो बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित हैं। इन डॉक्टरों पर बॉन्ड समझौते के तहत बर्खास्तगी के साथ-साथ वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, इन चिकित्सकों की सूची नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) को भी भेजी जाएगी।

राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री, डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को इन 234 चिकित्सकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इन डॉक्टरों ने कम शुल्क पर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और राज्य के पर्वतीय जिलों में न्यूनतम पांच साल तक सेवा देने का अनुबंध किया था। ऐसा न करने की स्थिति में उन्हें राज्य से बाहर या निजी प्रैक्टिस करने से पहले निर्धारित राशि जमा करके अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना होता।

हालांकि, विभिन्न पहाड़ी जिलों में तैनात ये 234 चिकित्सक बिना अनुमति के अनुपस्थित चल रहे हैं, जो उनके बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार:

  • राजकीय दून मेडिकल कॉलेज से 56 डॉक्टर हैं।
  • हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से 95 डॉक्टर हैं।
  • श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से 83 डॉक्टर हैं।

Also Read: Uttarakhand Nursing Admissions 2025: कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पहले की तरह रहेगी, मंत्री की अध्यक्षता में फैसला

इन डॉक्टरों ने एमबीबीएस में प्रवेश के समय संबंधित कॉलेजों के साथ पांच साल पर्वतीय क्षेत्रों में सेवा देने का अनुबंध किया था, और उनके मूल दस्तावेज व चिकित्सा शैक्षिक प्रमाण पत्र भी संबंधित कॉलेजों में जमा हैं।

राज्य सरकार इस मामले को काफी गंभीर मान रही है। चिकित्सा शिक्षा निदेशक को सभी अनुपस्थित चिकित्सकों से बॉन्ड की शर्तों के अनुसार बॉन्ड की राशि वसूलने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, महानिदेशक स्वास्थ्य को इन लापरवाह चिकित्सकों की बर्खास्तगी की कार्रवाई करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य सचिव को भी निर्देश दिया गया है कि संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और संबंधित अस्पताल के प्रभारी अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाए कि अब तक इन गैरहाजिर चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई क्यों शुरू नहीं की गई। मंत्री ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीधे तौर पर जनता से जुड़ा हुआ है, इसलिए विभाग में कार्यरत चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए कर्तव्यों का पालन करना आवश्यक है। किसी भी कर्मचारी द्वारा अपने कार्यों और दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गैरहाजिर बॉन्डेड चिकित्सकों(234 absent bonded doctors) का जनपदवार विवरण:

  1. टिहरी गढ़वाल – 29
  2. उत्तरकाशी – 25
  3. रुद्रप्रयाग – 14
  4. बागेश्वर – 10
  5. पिथौरागढ़ – 25
  6. पौड़ी गढ़वाल – 26
  7. अल्मोड़ा – 16
  8. चमोली – 46
  9. चम्पावत – 11
  10. नैनीताल – 41
  11. देहरादून – 01
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *