
Cluster Schools DPR : 30 जून तक कलस्टर विद्यालयों की डीपीआर नहीं मिली तो जवाब तलब करेंगे: डॉ. रावत
Cluster Schools DPR Submission by June 2025
देहरादून, 22 मई 2025ः उत्तराखंड में कलस्टर विद्यालयों की स्थापना को गति देने के लिए विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को 30 जून 2025 तक डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) शासन को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय बजट की प्रत्येक तीन माह में समीक्षा और शिक्षक भर्ती की पांचवीं काउंसलिंग जल्द पूरी करने को कहा।
डीपीआर और बजट पर सख्ती
डॉ. रावत ने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में कहा, “30 जून तक कलस्टर विद्यालयों की डीपीआर (Cluster Schools DPR 2025) नहीं देने वाले जनपदों से महानिदेशालय स्तर पर स्पष्टीकरण माँगा जाएगा।” उन्होंने बजट खर्च में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों की हिलाहवाली के कारण वित्तीय वर्ष के अंतर्गत 100 फीसदी बजट खर्च नहीं हो पाता है, जिसका खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना होता है। वित्तीय वर्ष में 100% बजट उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि छात्रों को नुकसान न हो।
Also Read: अब Samarth Portal खुद चलाएंगे विश्वविद्यालय: डॉ. धन सिंह रावत
शिक्षक भर्ती और स्थानांतरण
मंत्री ने प्राथमिक शिक्षा में पांचवीं काउंसलिंग जल्द पूरी कर दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने समग्र शिक्षा के अंतर्गत बीआरपी-सीआरपी की भर्ती में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
साथ ही, वार्षिक स्थानांतरण में छात्र संख्या को ध्यान में रखकर पात्र शिक्षकों का स्थानांतरण अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित
बैठक में महानिदेशक अभिषेक रोहिला, अपर सचिव एम.एम. सेमवाल, निदेशक वंदना गर्ब्याल (एससीईआरटी), अजय कुमार नौडियाल (प्राथमिक शिक्षा), डॉ. मुकुल सती (माध्यमिक), अपर निदेशक एनसीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी, उप निदेशक समग्र शिक्षा अजीत भण्डारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













