current AffairsFeaturedTech

उन्नत प्रौद्योगिकी पर मिलकर काम करेंगे एएमयू और गूगल

इंडिया साइंस वायर

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) और विश्व की प्रमुख तकनीकी कंपनी गूगल अब साथ मिलकर काम करेंगे। इस संबंध में हाल में एएमयू और गूगल एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक साझेदारी हुई है।

इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान कंप्यूटर एवं इंटरनेट के क्षेत्र में उन्नत प्रौद्योगिकी विकास और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित ज्ञान को साझा करने के उद्देश्य से साथ मिलकर काम करेंगे।

एएमयू के कंप्यूटर विज्ञान विभाग और गूगल एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड की इस साझेदारी के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सक्षम ज्ञान से जुड़े संसाधनों को साझा करने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। इससे तकनीकी प्लेटफार्म को उन्नत करने और छात्रों को नौकरी के अवसर प्रदान करने के रास्ते भी खुल सकते हैं।

एएमयू के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के अध्यक्ष आसिम जफर ने कहा है कि “यह साझेदारी, संकाय सदस्यों और अंतत: विश्वविद्यालय के छात्रों को आगामी गूगल-आधारित प्रौद्योगिकियों और अनुप्रयोग के विकास में अपने कौशल को बेहतर करने में मदद करेगी।”

उन्होंने भावी प्रौद्योगिकियों में संकाय सदस्यों और छात्रों के कौशल के निरंतर विकास के लिए अन्य प्रसिद्ध उद्योगों और संस्थानों के साथ इस तरह के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

इस परियोजना के पीओसी (प्वाइंट ऑफ कॉन्टैक्ट) फैसल अनवर ने कहा कि गूगल की ओर से संसाधनों एवं सामग्री को साझा किया जाएगा। जहाँ आवश्यकता होगी, वहाँ शिक्षकों को विभिन्न गूगल-आधारित तकनीकों के बारे में प्रशिक्षित भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों को प्रशिक्षित करने के लिए गूगल के सहयोग से एक संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) आयोजित करने की भी योजना है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button