जनजागरूकता एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार में मीडिया की बड़ी भूमिकाः सीएम

Rajesh Pandey

देहरादून। 04 जनवरी, 2024

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि प्रेस प्रतिनिधियों को समाचार संकलन के लिए राज्य में यथासंभव सहयोग दिया जा रहा है। पत्रकारों के हित में पत्रकार कल्याण कोष के कॉर्पस फंड की धनराशि को बढ़ाया गया है।

उन्होंने पत्रकारों के लिए समूह बीमा योजना शुरू करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले मीडिया कर्मियों को ठहरने में और कामकाज करने में आसानी हो सके, इसकी भी व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी मीडिया सहयोगी रहा है। राज्य आंदोलन के दौरान उत्तराखण्ड की मीडिया यहां के जन-जन की आवाज बनी। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा समय-समय पर किये जाने वाले सामाजिक और जन जागरूकता के कार्य सराहनीय रहे हैं। आम जनमानस की सुविधा एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भी मीडिया की बड़ी भूमिका रहती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के विकास में सभी लोग सहभागी बनें, इसके लिए वर्तमान समय में सरकार ने अनेक बड़े कदम उठाए हैं। राज्य के विकास के लिये किये जा रहे हमारे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। नीति आयोग द्वारा राज्य के सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में देश में प्रथम स्थान मिला है। राज्य में बेरोजगारी दर को 4.4 प्रतिशत तक कम करने में हम सफल हुए हैं। हम निवेश को आकर्षित करने में देश के अग्रणी राज्यों में है तथा हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की गई है, इसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार मिलने के साथ उनकी आर्थिकी में मजबूती आ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के जनमानस से हमने जो समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही थी, वह वादा हम पूरा करने जा रहे हैं। उत्तराखण्ड में जिस उद्देश्य से भूमि क्रय की जाती है, उसका सदुपयोग सुनिश्चित हो सके, इसके लिए बेहतर भू कानून लागू किये जाने कि दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के प्रवासी अपनी मूल जड़ों से जुड़े रहें और अपने प्रदेश, गांव और समाज में अपना सर्वांगीण योगदान दे सकें, इसके लिए राज्य में आगामी 12 जनवरी को प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार गिरीश भंडारी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस दौरान उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा पूर्व में लिए गए विभिन्न निर्णयों की सराहना की।

इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रेस क्लब के महामंत्री सुरेंद्र डसीला, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा, उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी, विकास धूलिया, चेतन गुरुंग और अजय राणा सहित प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारी तथा मीडियाकर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *