- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर, देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की
- तहसील स्तर पर कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों ने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया
देहरादून 09 नवंबर,2026: देहरादून जनपद में राज्य स्थापना दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को शॉल भेंटकर तहसील स्तर पर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर कचहरी परिसर, देहरादून स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को नमन करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के सामूहिक संघर्ष और संकल्प से पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें अपने गौरवशाली संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का निर्माण ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल मौजूद थे।
वहीं, तहसील विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान एवं सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों ने जिस विकसित और समृद्ध उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान कर रही है तथा जनकल्याण के लिए ठोस निर्णय लेकर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी सहित राज्य आंदोलनकारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। इसी क्रम में तहसील कालसी, चकराता, ऋषिकेश एवं डोईवाला में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर राज्य निर्माण में उनके योगदान और संघर्ष का स्मरण किया गया।





