देहरादून। उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कृषि व्यवसाय (एग्री बिजनेस), पारंपरिक हस्तशिल्प (क्राफ्ट) और औद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) के जरिए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन की संभावनाओं पर मंथन किया गया। इंटरएक्टिव सेशन में गुवाहाटी से आए सोशल एंत्रप्रेन्योर एवं इन्वेस्टमेंट एंड पोर्टफोलियो एडवाइजर विनय वर्मा ने सामाजिक संस्था ‘एम्पावर’ और ‘क्रिल’ (KRIL) औद्योगिक समूह के विशेषज्ञों व प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। सत्र के दौरान बिजनेस एनालिसिस, इनोवेटिव आइडिया एक्सचेंज और जमीनी स्तर पर सफल हो चुकी सफल स्टोरीज के प्रमुख मॉडल्स पर गहन मंथन हुआ।

सत्र के दौरान सोशल एंत्रप्रेन्योर विनय वर्मा ने ‘फाइनेंशियल लिटरेसी एवं एम्पावरमेंट’ विषय पर एक प्रभावी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से उन्होंने विस्तार से समझाया कि बेहतर वित्तीय साक्षरता, बचत की सही समझ और सुनियोजित वित्तीय प्रबंधन किस प्रकार ग्रामीण कारीगरों और छोटे उद्यमियों के सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर वित्तीय अनुशासन और प्रबंधन की प्रक्रिया को अपनाकर ही उद्यमों को लंबे समय तक टिकाऊ और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

एम्पावर सोसाइटी की सचिव मोनीदीपा सरमा के अनुसार, मंथन के दौरान, इस बात पर विशेष फोकस रहा कि कैसे स्थानीय उत्पादों को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार किया जाए और काश्तकारों व शिल्पियों को संसाधन एवं वित्तीय प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जाएं। सत्र में क्रेडिट लिंकेज एक्सपर्ट आरती घिल्डियाल ने ग्रामीण व अर्ध-शहरी उद्यमियों के लिए संस्थागत ऋण, वित्तीय समावेशन और आसान बैंकिंग प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। वहीं, हस्तशिल्प एवं रिंगाल व रेशों से उत्पाद बनाने के मास्टर ट्रेनर राजेश लाल तथा डिजाइनर नितिका ने स्थानीय क्राफ्ट और प्राकृतिक रेशों से बने उत्पादों में वैल्यू एडिशन, समकालीन डिजाइन और फिनिशिंग की बारीकियों को साझा किया।
इस अवसर पर क्रिल समूह के सीएमडी निखिल झा और एडवाइजर रजत श्रीवास्तव ने औद्योगिक सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) और बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने की रणनीति पर विचार व्यक्त किए। परिचर्चा में विकास चौधरी, तूलिका मित्तल, हरेंद्र नेगी, सुरेश भारती, सार्थक पांडेय, सहयोगी विवेक, मयंक ने भी विभिन्न सेक्टरों के व्यावहारिक अनुभवों, चुनौतियों और समाधानों पर अपने सुझाव साझा किए।
एम्पावर सोसाइटी की सचिव मोनीदीपा सरमा ने बताया, दूसरे दिन, सोशल एंत्रप्रेन्योर विनय वर्मा ने देहरादून और इसके नजदीकी ग्रामीण व उत्पादन क्षेत्रों का विजिट किया। इस दौरान उन्होंने एग्री, क्राफ्ट और हॉर्टिकल्चर इकाइयों की कार्यप्रणाली, स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता और उत्पादन की जानकारी हासिल की। फील्ड विजिट के दौरान तूलिका मित्तल ने स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, उत्पादन क्लस्टरों और फील्ड ऑपरेशंस से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। सोशल एंत्रप्रेन्योर विनय वर्मा ने स्थानीय स्तर पर हो रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं के पारंपरिक हुनर और प्राकृतिक संपदा को यदि सही तकनीकी मार्गदर्शन, आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग और समय पर क्रेडिट लिंकेज मिल जाए, तो यह क्षेत्र रिवर्स माइग्रेशन और आत्मनिर्भर आजीविका का सशक्त मॉडल बन सकता है।





