देहरादून, 20 नवंबर, 2026ः राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में आयोजित बाल चौपाल में विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। बाल चौपाल का शुभारम्भ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला और विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने बताया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत छात्र-छात्राओं में अभिव्यक्ति, रचनात्मक कौशल एवं नेतृत्व क्षमता की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए के बाल चौपाल लगाई गई। अजीम प्रेमजी फाउण्डेशन के सहयोग से आयोजित बाल चौपाल में बच्चे विभिन्न कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं विभिन्न कौशलात्मक खेलों, टंग ट्विस्टर्स, विभिन्न प्रकार के शब्दों तथा अंकों के खेल, क्राफ्ट वर्क, कहानी पूरी करो, चित्रों के आधार पर कहानी बनाओ… आदि गतिविधियों में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने कचरा पृथक्करण, कबाड़ से जुगाड़ तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों से संबंधित स्टॉल भी लगाए। इस अवसर पर ओजीआई इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के सहयोग से संचालित खेल गतिविधियों से संबंधित स्टॉल भी लगाया गया। अतिथियों तथा उपस्थित अभिभावकों ने सभी गतिविधियों एवं स्टॉल का अवलोकन किया।

साथ ही, वर्ल्ड टॉयलेट डे पर “डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला प्रमुख एकता राणा एवं स्वयंसेवी प्रियंका ने छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अभिभावकों को शौचालय के उपयोग तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल ने कहा, इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने में बहुत मदद करते हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में बहुत ही सुन्दर बाल चौपाल का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा बेहतरीन कार्य किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद सोबत चंद्र रमोला ने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ हमारे क्षेत्र का एक बेहतरीन विद्यालय है, जो विभिन्न शैक्षणिक तथा अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों के माध्यम से छात्रों का सर्वांगीण विकास कर रहा है। बाल चौपाल कार्यक्रम में समाज सेवी राहुल सेमवाल, नरेश राणा, अक्षत सकलानी, जगदीश भट्ट, अजीम प्रेम जी फाउण्डेशन के अशोक मिश्रा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक मीना घिल्डियाल, मधुलिका, वीरेंद्र उनियाल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर-1 की सहायक अध्यापक सुनीता रावत, डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम की जिला प्रमुख एकता राणा, सम्पर्क फाउंडेशन के जिला प्रभारी विवेक हटवाल, अक्षय पात्र फाउंडेशन की स्कूल रिलेशनशिप मैनेजर प्रीति राणा, ओजीआई इंटरनेशनल स्पोर्ट्स के ट्रेनर आशीष डबराल, भोजन माता लक्ष्मी देवी, विमला देवी तथा सभी अभिभावक उपस्थित रहे।





