यूएनसीसीडी कॉप-14ः आओ, अपनी पीढ़ियों को बेहतर दुनिया दें

Rajesh Pandey
ग्रेटर नोएडा में यूएनसीसीडी कॉप-14 सम्मेलन के उद्घाटन पर संबोधित करते केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर। फोटोः पीआईबी

मरुस्थलीकरण उपजाऊ भूमि को बंजर कर रहा है। मरुस्थलीकरण से निपटने और कृषि योग्य भूमि को संरक्षित करने के लिए विश्व स्तर पर प्रयास चल रहे हैं। इस पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन के अंतर्गत 122 देशों की 12 दिवसीय 14 वां कान्फ्रेंस ऑफ पार्टीज (कॉप-14) सोमवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में शुरू हो गया। इस सम्मेलन में दुनियाभर में भूमि के उपयोग की नीतियों को मजबूत बनाने तथा सूखे, धूल की आंधी, रेत से होने वाले खतरों से भी निपटने के लिए 30 निर्णय लिए जाएंगे।

यूएनसीसीडी के कार्यकारी सचिव इब्राहिम थियाव व राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो की उपस्थिति में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कान्फ्रेंस के उद्घाटन पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि व्यापक स्तर पर जागरूकता तथा लोगों की भागीदारी समय की आवश्यकता है। चाहे जलवायु परिवर्तन हो या मरुस्थलीकरण हो। मानवीय दखल ने प्रकृति के संतुलन को नुकसान पहुंचाया है। अब ऐसा अनुभव किया जा रहा है कि यदि मानव के कार्यों से कुछ नुकसान पहुंचा है तो सकारात्मक कार्यों से उस नुकसान को कम किया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों को हम एक बेहतर दुनिया दे सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने कहा कि कृषि योग्य भूमि को संरक्षित करने के लिए विश्वस्तर पर चलाए जाने वाले अभियान पर 122 देश सहमत हुए हैं, जिनमें ब्राजील, चीन, भारत, नाइजीरिया, रूस और दक्षिण अफ्रीका जैसे सर्वाधिक आबादी वाले देश शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 सितंबर, 2019 को उच्चस्तरीय बैठक का उद्घाटन करेंगे।

उन्होंने कहा कि ऐसे विश्व मंच पर अपने अनुभवों और सफलता की कहानियों को साझा करने से विश्व को सहायता हासिल होगी। हम लोग प्रत्येक देश में तेजी से कार्य कर सकते हैं। इसलिए यह यूएनसीसीडी बहुत महत्वपूर्ण है और आशा करते हैं कि कुछ अच्छे परिणामों को दिल्ली घोषणा पत्र में अधिसूचित किया जाएगा। दिल्ली घोषणा पत्र भविष्य की कार्य योजना की रूपरेखा होगी।

यूएनसीसीडी के कार्यकारी सचिव इब्राहिम थियाव ने हाल के वैज्ञानिक आकलनों की चेतावनियों पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि मौसम से संबंधित आपदाएं जैसे सूखा, जंगल की आग, अचानक से आई बाढ़ और भूमि का क्षरण हमें चेतावनी देते हैं। सदस्य देशों से आग्रह किया कि उन्हें बदलावों को ध्यान में रखना चाहिए और इससे संबंधित कार्य करने चाहिए। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया। कहा कि हम भारत में आकर बहुत भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।

इस कान्फ्रेंस में 197 देशों के लगभग 7200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। यूएनसीसीडी भूमि के अच्छे रखरखाव पर एक अंतर्राष्ट्रीय समझौता है। यह समावेशी भूमि प्रबंधन के जरिए पर्याप्त खाद्यान, जल और ऊर्जा सुनिश्चित करने में लोगों, समुदायों और देशों की मदद करता है

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *