राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किए बदरीनाथ-केदारनाथ के दर्शन

Rajesh Pandey

देहरादून। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को सपरिवार भगवान श्रीकेदारनाथ के दर्शन किए। उनके साथ राज्यपाल डॉ. कृष्णकान्त पाल और मुख्यमंत्री सिंह त्रिवेन्द्र रावत भी बाबा केदार के दरबार में पहुंचे। सुबह करीब सात बजकर छप्पन मिनट पर राष्ट्रपति सेना के हेलिकाप्टर से श्री केदारनाथ मंदिर के पीछे हेलीपैड (एमआई17) पर पहुंचे।

इसके बाद उन्होंने एटीवी के जरिये केदारपुरी का भ्रमण किया और फिर श्रीकेदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। लगभग बीस मिनट तक उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की और रूद्राभिषेक किया। इस अवसर पर मंदिर समिति ने राष्ट्रपति को पारम्परिक पकवान रोट और अरसे रिंगाल की टोकरी में भेंट किए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने केदारनाथ के मुख्य पुजारी तथा अन्य तीर्थ पुरोहितों से केदारनाथ के बारे में जानकारी भी ली।

इसके बाद राष्ट्रपति बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गए। इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त दिलीप जावलकर, डीआईजी पुष्पक ज्योति, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल, पुलिस अधीक्षक पीएन मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति वायुसेना के विमान से सुबह करीब सवा 11 बजे माणा स्थित सेना के हेलीपैड पहुंचे। राष्ट्रपति 11 बजकर 45 बजे श्री बदरीनाथ मंदिर पहुंचे औऱ लगभग 20 मिनट तक भगवान बदरी विशाल की विधिवत पूजा अर्चना कर देश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

 

भगवान बदरीनाथ धाम में अखंड ज्योति के दर्शन और पूजा अर्चना के बाद राष्ट्रपति को राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने भगवान बदरीनाथ के धाम का प्रतीक चिह्न, शाल एवं रिंगाल की टोकरी में भगवान बदरीनाथ का प्रसाद भेंट किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रपति को स्मृति चिह्न भेंट किया।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर माणा स्थित सेना के हेलीपैड से लेकर पूरे धाम में सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर डीआईजी एआर चौहान, सेना ब्रिगेडियर ई गोविन्द, जिलाधिकारी आशीष जोशी, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट, मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह आदि उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *