
चारधाम यात्राः ऋषिकेश में 30 और विकासनगर में लगेंगे 20 रजिस्ट्रेशन काउंटर
राउंड-द-क्लॉक होगा यात्री रजिस्ट्रेशन, ऑपरेटर और नेटवर्क की रहेगी उचित व्यवस्थाः डीएम
देहरादून। 03 अप्रैल 2025
चारधाम यात्रा के सरल, सुगम और सुरक्षित संचालन के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने ऋषिपर्णा सभागार में यात्रा से जुड़े विभागों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
उन्होंने विभागों को चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि धन की वजह से यात्रा व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। विभागों को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता होगी तो जिला प्रशासन व्यवस्था करेगा। उन्होंने विभागों को अपनी डिमांड तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने ऋषिकेश और विकासनगर में वाहनों की पार्किंग, यात्रियों की ठहरने की क्षमता, रजिस्ट्रेशन व्यवस्था, सड़क, पेयजल, पार्किंग, परिवहन, भोजन, शौचालय सहित यात्रा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सड़कों पर डायवर्जन एवं कियोस्क प्वांइट पर स्मूथ ट्रैफिक मूवमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा एवं ट्रॉजिंट कैंप में श्रद्धालुओं के भोजन, पानी तथा शौचालय सहित ठहरने के उचित प्रबंध किए जाए। निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को समय से पूरा कराया जाए।
ऋषिकेश और विकासनगर में रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने के साथ राउंड-द-क्लॉक काउंटर संचालन की व्यवस्था की जाए।
पोर्टल में देरी के कारण श्रद्धालुओं को टूरिस्ट कैंप में रात्रि विश्राम न करना पड़े।
ऋषिकेश में काउंटर बढ़ाकर 30 किए जाएं और विकासनगर में 20 काउंटर लगाए जाएं।
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर एक के बजाय दो कार्मिक तैनात करें, नेटवर्क का उचित प्रबंध किया जाए।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पंजीकरण की त्वरित एवं उचित सुविधा मिल सके।
यात्री वाहनों की फिटनेस के साथ ग्रीन कार्ड जारी किए जाएं।
चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्री वाहनों के लिए सुबह चार बजे से रात्रि 10 बजे तक और माल वाहनों के लिए रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक का समय निर्धारित किया जाए।
पर्यटन और परिवहन विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए वाहनों की ट्रिप कार्ड जनरेशन के लिए मैनुअल व्यवस्था भी रखें।
यात्रा रूट पर जो भी कमियां है, उनको तत्काल दूर करें।
तीर्थयात्रियों की सुविधा और उनको आवश्यक जानकारी देने के लिए सभी प्रमुख स्थानों पर एलईडी की व्यवस्था की जाए। नगर क्षेत्र में नगर निगम एवं अन्य स्थानों पर लोक निर्माण विभाग के माध्यम एलईडी लगाए जाएं, इसके लिए जिला प्रशासन पर्याप्त धन उपलब्ध कराएगा।
स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सक एवं एंबुलेंस की तैनाती के साथ ही हेल्थ एडवाइजरी जारी करने के निर्देश।
यात्रियों के होर्डिंग एरिया और यात्रा रूट पर टीटीएसपी, वाटर एटीएम, टैंकर सहित पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा, यात्रा संबंधी निर्देशों को 163 बीएनएसएस से बाध्यकारी बनाया जाएगा।
स्रोतः जिला सूचना कार्यालय, देहरादून












