Pulse Polio Campaign Dehradun: 28 जून को 1505 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो खुराक, 29 से चलेगा घर-घर अभियान

Rajesh Pandey

Pulse Polio Campaign Dehradun: देहरादून,25 जून 2026ः जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलक्ट्रेट में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस 28 जून, 2026 और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई।

Pulse Polio Campaign Dehradun: बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में जीरो से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Pulse Polio Campaign Dehradun: बैठक में बताया गया कि जनपद में 28 जून को कुल 1505 बूथों के माध्यम से पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है, जिनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ तथा 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद, 29 जून से चार जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए 1498 टीमें एवं 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से अभियान के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही, सभी विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित हों।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से घर-घर संपर्क स्थापित कर लक्षित परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अभियान के दौरान सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाए।

पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने तथा अभियान के प्रभावी संचालन में सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार तक संदेश पहुंचना चाहिए और कोई भी पात्र बच्चा छूटने नहीं पाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई बच्चा टीकाकरण अथवा पोलियो खुराक से वंचित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस को पूर्ण सफलता प्रदान करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *