चारधाम यात्रा 2025: स्वास्थ्य सचिव ने चमोली में लिया तैयारियों का जायजा

Rajesh Pandey

चमोली। 08 अप्रैल 2025

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मंगलवार, 8 अप्रैल 2025 को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने चमोली जिले का दौरा कर यात्रा मार्ग का जायज़ा लिया। उन्होंने सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों, पार्किंग स्थलों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया। CM पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों को तैयारियों की निगरानी के लिए तैनात किया गया है।

डॉ. राजेश कुमार ने गौचर के रजिस्ट्रेशन सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेला मैदान और कर्णप्रयाग के ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया। उन्होंने दवाओं, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चमोली में जल्द डायलिसिस मशीनें भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि किसी उपकरण या सुविधा की आवश्यकता हो तो संबंधित विभाग शासन को समय पर प्रस्ताव भेजे, ताकि संसाधन समय रहते उपलब्ध कराए जा सकें।

20 एमआरपी और 50 स्क्रीनिंग सेंटर
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि यात्रा मार्ग पर 20 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (MRP) और 50 स्क्रीनिंग सेंटर बनाए जाएँगे। निर्देश दिए कि सभी एमआरपी एवं स्क्रीनिंग सेंटरों के माध्यम से 13 विभिन्न भाषाओं में तैयार की गई हेल्थ एडवाइजरी का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाए।

यह एडवाइजरी श्रद्धालुओं को ऊँचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य जोखिम, कोविड-19 जैसी संभावित बीमारियों, खानपान और आवश्यक सावधानियों की जानकारी देगी। स्क्रीनिंग सेंटर बस स्टेशनों के पास होंगे।

सिरोबगड़ और कमेड़ा भूस्खलन जोन का निरीक्षण
सिरोबगड़ और कमेड़ा भूस्खलन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सचिव ने कमेड़ा में सड़क मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के लिए 20 दिन की डेडलाइन दी। वहीं, सिरोबगड़ स्लाइडिंग जोन के स्थाई समाधान के लिए शीघ्र शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। कार्यदायी एजेंसियों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई।

एनएच-07 के पागल नाला क्षेत्र में भूस्खलन जोन की विस्तृत जानकारी लेते हुए कार्यदायी संस्था को स्थायी समाधान की रणनीति तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं जोगीधारा में बीआरओ को सड़क के बेस को मजबूती प्रदान करने एवं सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए गए।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *