DHARMAFeatured

हरिद्वार महाकुंभः सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

हरिद्वार। महाकुंभ 2021 में सोमवार को सोमवती अमावस्या के दिन कुंभ के दूसरे शाही स्नान पर तड़के सुबह ही हरकी पैड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। सुबह सात बजे तक हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान किया। वहीं, शाम छह बजे तक हरकी पैड़ी पर 31 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान कर लिया था।
सोमवती अमावस्या शाही स्नान के दिन सुबह सात बजे हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड और मालवीय घाट पर आम श्रद्धालुओं का आवागमन और स्नान रोक दिया गया। इसके बाद अखाड़ों के साधु संतों के शाही स्नान का क्रम शुरू हुआ।

सबसे पहले शाही स्नान के लिए श्री पंचायती अखाड़ा, श्री निरंजनी और आनंद अखाड़े के संत हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड पर पहुंचे। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने सबसे पहले गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक किया।

उन्होंने अखाड़े के इष्टदेव कार्तिकेय भगवान की डोली को गंगा स्नान कराने के बाद शाही स्नान किया। उनके साथ निरंजनी अखाड़े के सचिव और मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव श्रीमहंत रवींद्र पुरी जी महाराज, आनंद अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री बालकानंद गिरि जी महाराज सहित अन्य संतजनों ने हर हर महादेव, हर हर गंगे का जयघोष करते हुए मां गंगा में शाही स्नान किया। निर्धारित समय के बाद तय रूट से अखाडे़ के संतजन अखाड़े की ओर वापस लौट गए।

दूसरे क्रम में श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, श्री अग्नि और आवाहन अखाड़े के संतजन शाही स्नान को पहुंचे। जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज सहित अन्य संतों ने स्नान किया। उनके साथ किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और अन्य संतों ने भी शाही स्नान किया।

तीसरे क्रम पर श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाण कनखल के श्रीमहंत रविन्द्र पुरी जी महाराज, महामंडलेश्वर महंत रूपेन्द्र प्रकाश जी महाराज और श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े के संतजनों ने हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए शाही स्नान किया।
इसी क्रम में शाही स्नान के लिए तीनों बैरागी अखाड़े अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अणि अखाड़ा, अखिल भारतीय श्री पंच दिगम्बर अणि अखाड़ा और अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अणि अखाड़े के संतों ने शाही स्नान कर सभी के कल्याण की कामना की। संतों के दर्शन के लिए जिस रूट से शाही स्नान की पेशवाई आ रही थी, लोगों में जबरदस्त उत्साह था। दर्शन मात्र के लिए लोग धूप में इंतजार करते रहे थे।

इसके बाद श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन निर्वाण और इसके बाद श्री पंचायती नया उदासीन अखाड़ा निर्वाण के साधु संतों ने स्नान किया। सबसे आखिर में श्री पंचायती निर्मल अखाड़ा के साधु संतों ने जयघोष करते हुए शाही स्नान किया। शाही स्नान के लिए आ रहे सभी साधु-संतों पर हेलीकाॅप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।

Key words: Somvati Amavasya, Haridwar Kumbh 2021

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button