अतिथि शिक्षकों को मंडल परिवर्तन का मिलेगा मौकाः डॉ. धन सिंह रावत

Rajesh Pandey
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत।

Guest teachers will get a chance to change division: Dr. Dhan Singh Rawat

देहरादून। न्यूज लाइव ब्यूरो

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न राजकीय विद्यालयों में प्रवक्ता एवं सहायक अध्यापक एलटी के पदों पर तैनात अतिथि शिक्षकों को मंडल परिवर्तन का मौका दिया जाएगा।

इसके साथ ही, अपर हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों के दूरस्थ विद्यालयों में रिक्त पदों के सापेक्ष अतिथि शिक्षकों को कम से कम तीन वर्ष के लिए तैनात किया जाएगा। अतिथि शिक्षकों को मातृत्व अवकाश दिए जाने का भी निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा, ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यालयों में शिक्षण कार्य करने वाले अतिथि शिक्षकों को अनुमन्य वेतनमान भी दिया जाएगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिये गये हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने प्रदेश के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में तैनात अतिथि शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में तैनात अतिथि शिक्षकों को मंडल परिवर्तन का मौका दिया जाएगा, ताकि अतिथि शिक्षक इच्छित मंडल में शैक्षणिक गतिविधियों के निर्वहन में मन लगाकर कार्य कर सकें।

विभागीय मंत्री ने कहा कि अतिथि शिक्षक बार-बार प्रभावित न हों, इसके लिए उन्हें उच्च हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों के दूरस्थ विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के सापेक्ष न्यूनतम तीन वर्ष के लिए तैनाती दी जाएगी। इसके लिए अतिथि शिक्षकों को अनुबंध पत्र के साथ ही विकल्प देना होगा।

इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अतिथि शिक्षकों को अन्य कार्मिकों की भांति मातृत्व अवकाश दिए जाने पर भी सहमति बन गई है।

विभागीय मंत्री ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों में स्थाई शिक्षकों की नियुक्ति से प्रभावित अतिथि शिक्षकों को उनके इच्छित स्थानों पर तैनाती देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा, जो अतिथि शिक्षक ग्रीष्मकालीन अवकश के दौरान विद्यालयों में शिक्षण कार्यां का निर्वहन करेंगे, उनको विभाग अनुमन्य मानदेय देगा।

बैठक में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी, अपर सचिव बेसिक शिक्षा एमएम सेमवाल, उप सचिव अनिल पांडेय, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक माध्यमिक अजय नौडियाल, अपर निदेशक बेसिक रघुनाथ आर्य सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं अतिथि शिक्षक संघ के अध्यक्ष अभिषेक भट्ट व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *