मिड डे मील में नौरंगी दाल, चावल और झंगोरे की खीर परोसकर मनाया गढ़ भोज दिवस

Rajesh Pandey

उत्तराखंड की परंपरागत फसलों एवं भोजन के उत्सव “गढ़ भोज दिवस” को आज अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा जनपद के तीन सौ एक विद्यालयों में तीस हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को मध्याह्न भोजन में नौरंगी दाल, चावल तथा झंगोरे की खीर परोसकर मनाया गया।
इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रबंधक दीपक चुघ और स्कूल रिलेशनशिप मैनेजर प्रीति राणा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सात अक्टूबर को गढ़ भोज दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा पीएम पोषण (प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना) जिसे पूर्व में मध्याह्न भोजन योजना के नाम से जाना जाता था, के अंतर्गत आच्छादित जनपद के रायपुर, सहसपुर और विकासनगर ब्लॉक के तीन सौ एक विद्यालयों में अपनी केंद्रीयकृत किचन के माध्यम से आज मध्याह्न भोजन में उत्तराखण्ड की नौरंगी दाल, चावल तथा झंगोरे की खीर उपलब्ध करायी गयी।


विकास नगर ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाड़वाला में कार्यरत शिक्षक और जिला तथा राज्य क्रीड़ा समन्वयक लेखराज तोमर ने बताया की आज अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराये गये भोजन में नौरंगी दाल, चावल तथा झंगोरे की खीर शामिल थे, जो कि बहुत ही पौष्टिक और स्वादिष्ट था। यह उत्तराखण्ड के पारंपरिक भोजन को बढ़ावा देने के लिये एक सराहनीय पहल है।
विकासखण्ड रायपुर में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी ने बताया कि गढ़ भोज दिवस के अवसर पर आज भोजन परोसने से पहले छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक फसलों एवं उनसे बनने वाले खाद्य पदार्थों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में पैदा होने वाले अनाजों झंगोरा, मंडुवा, कोदो, लाल चावल, भट्ट, गहत, नौरंगी दाल, सोयाबीन, राजमा, उड़द, गागली इत्यादि में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व पाये जाते हैं और हमें इन्हें अपने भोजन में नियमित रूप से शामिल करना चाहिये। इसके साथ ही उत्तराखण्ड में माल्टा, काफल, बुरांश, हिंसर जैसे उपयोगी फल-फूल पाये जाते हैं जिनसे विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ बनाये जाते हैं, जो कि बहुत ही स्वास्थ्यवर्धक होते हैं। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने बड़े चाव से अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध करायी गयी नौरंगी दाल एवं चावल के साथ ही झंगोरे की खीर का आनंद लिया। छात्रों अमन, वेदांत, राजा, ज्योति, उजमा, वैभव, राज, अब्दुल्ला, अरहम, अर्चना, प्रियांशी आदि ने भोजन को स्वादिष्ट बताया।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *