उत्तराखंड में हवाई कनेक्टीविटी के विस्तार पर जोर

Rajesh Pandey
फोटो सांकेतिक
देहरादून। न्यूज लाइव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के निदेशक मंडल की नौवीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के स्तर पर इसके लिए जो भी सहयोग की आवश्यकता है, उसका पूरा प्रस्ताव बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट की देश के प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में कार्य किए जाएं। पंतनगर एयरपोर्ट क्षेत्र में भी भूमि का सही उपयोग हो, इसके लिए भी उन्होंने मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा डेस्टिनेशन उत्तराखंड की सफलता के लिए हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार तथा मजबूती प्रदान करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने यूकाडा से आय के संसाधनों में वृद्धि के प्रयासों पर भी ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा, नैनी सैनी, चिन्यालीसौड एवं गौचर हवाई पट्टियों को भी सुविधायुक्त बनाएं, ताकि यहां पर भी छोटे वायुयान की सुविधा उपलब्ध हो सके। उड़ान योजना के तहत विकसित किए जा रहे हेलीपोर्ट को भी आवश्यक संसाधनों से सुविधायुक्त बनाने पर भी ध्यान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेलीपैड, ग्राउंड और हैंगर के लैडिंग, पार्किंग शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव को युक्तिसंगत बनाया जाए।
बैठक में राज्य के लिए नये वायुयान खरीदने के प्रस्ताव पर सहमति बनी कि इसके खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाए। नया वायुयान खरीदे जाने तक एक वायुयान लीज पर लिया जाए। हेली सेवा संचालन के लिए आपातकालीन स्थिति में हवाई यातायात नियंत्रक (ए.टी.सी) से संपर्क स्थापित करने के लिए श्री केदारनाथ धाम एवं सहस्त्रधारा हेलीपैड पर मानवयुक्त यातायात नियंत्रक केन्द्र स्थापित करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी से एमओयू किये जाने तथा उस पर आने वाले व्यय के सबंध में अनुमोदन प्रदान किया गया।
इस दौरान बैठक में कुमाऊं मंडल क्षेत्र में हेलीकॉप्टर में तेल भरने के लिए एक फ्यूल पम्प एवं तेल के बैरल परिवहन करने के लिए वाहन क्रय किये जाने के लिए अनुमोदन दिया गया।
बैठक में यूकाडा की विगत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ ही वर्तमान बैठक में प्रस्तुत विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ ही सहमति प्रदान की गई। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव बृजेश संत, डॉ. वी. षणमुगम, विनय शंकर पाण्डेय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूकाडा सी. रविशंकर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *