दून पुलिस की सतर्कता, दो महिलाओं को पहुंचाई राहत

Rajesh Pandey
फोटो साभार- दून पुलिस

देहरादून। कोरोना वायरस संक्रमण के दौरान देशभर में लॉकडाउन है। सरकार के आदेशों पालन कराने के दौरान पुलिस समय पड़ने पर जनता की मदद के लिए आगे आ रही है। रानीपोखरी और देहरादून में पुलिस ने दो महिलाओं को तत्काल राहत पहुंचाई। दून पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर दो घटनाओं का जिक्र किया है।

रानीपोखरी की हृदयरोगी महिला को तत्काल दिलाया इलाज

पुलिस की तत्परता और तत्काल मदद पहुंचाने से रानीपोखरी निवासी वरिष्ठ नागरिक महिला को समय पर इलाज मिल गया। रानीपोखरी निवासी कमला देवी पत्नी रमेश चन्द (67 वर्ष) ने थानाध्यक्ष रानीपोखरी को फोन करके बताया कि काफी समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है, उन्हे आज हृदय में अत्यधिक दर्द हो रहा है। वह घर पर अकेली हैं। अधिक दर्द के कारण चलने फिरने में असमर्थ हैं।

इस पर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष रानीपोखरी राकेश शाह, सब इंस्पेक्टर कुन्दन राम,बीट कांस्टेबल राजा राम, विपिन कुमार, महिला कांस्टेबल सुलेखा तत्काल कमला देवी के घऱ पहुँचे और उनको उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट भेजा गया। वर्तमान में जौलीग्रांट में उनका उपचार चल रहा है। महिला का स्वास्थ्य अभी ठीक है। डॉक्टरों ने वरिष्ठ नागरिक महिला को समय से अस्पताल लाने के लिए पुलिस की सराहना की। क्षेत्रीय जनता ने भी पुलिस की प्रशंसा की।

पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी ने पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने अपने थाना क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और उनकी सुख सुविधा का ध्यान रखा जाए। इस क्रम में थाना रानीपोखरी पुलिस ने अपने क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार करके उनके मोबाइल नंबर प्राप्त किए हैं। साथ ही, किसी भी समय सहायता लेने के लिए उनको थानाध्यक्ष, हल्का प्रभारी,बीट अधिकारी, थाने का नम्बर व पुलिस कन्ट्रोल रूम का फोन नंबर उपलब्ध कराए गए हैं।

गर्भवती महिला को पुलिस ने अपनी गाड़ी से घर पहुंचाया 

देहरादून के रायपुर क्षेत्र स्थित नथुवावाला निवासी एक गर्भवती महिला दून अस्पताल डेली चेकअप कराने के लिए आई थीं। चेकअप के बाद जब महिला घर के लिए वापस जाने लगीं तो उनको घर जाने के लिए यातायात का कोई साधन नहीं मिला। जिसके चलते महिला पैदल ही परेड ग्राउंड पहुंच गई। कुछ लोगों ने देखा और एसपी सिटी श्वेता चौबे को फोन करके सूचना दी। एसपी सिटी ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला का स्वास्थ्य जाना और तत्काल पीसीआर वैन बुलाकर महिला को सकुशल के घर पहुंचाया। दून पुलिस के इस कार्य की काफी प्रशंसा की जा रही है।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *