अचानक तहसील पहुंच गए डीएम, देरी से दफ्तर आए कर्मचारियों का वेतन काटा, सुस्त कार्यों पर कर्मियों के तबादले

Rajesh Pandey
देहरादून। न्यूज लाइव ब्यूरो
देहरादून के नये जिलाधिकारी सविन बसंल ने तहसील सदर का औचक निरीक्षण किया।  जिलाधिकारी शुक्रवार बारिश के बीच सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर तहसील सदर पंहुच गए। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण करते हुए देरी से आने वाले कार्मिकों को चेतावनी जारी की। वहीं, साढ़े दस बजे के बाद आने वाले कार्मिकों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं, सुस्त कार्य प्रणाली पर डब्ल्यूबीएन और एडब्ल्यूबीएन के तबादले के आदेश किए।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों में जनता के लिए आदर्श माहौल बनाने और व्यवहार में सौम्यता रखने तथा आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में सीढ़ियों पर गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सफाई व्यवस्था के लिए लगाए गए ठेकेदार पर जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
तहसील परिसर में लिफ्ट खराब होने पर नाराजगी जाहिर की। मौके पर मौजूद एमडीडीए के अधिकारियों ने बताया कि लिफ्ट की मरम्मत की जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर लिफ्ट ठीक कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान तहसील में वसूली की प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्देशित किया कि दस लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों से एक माह के भीतर वसूली की जाए। इस कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने लम्बित वाद की स्थिति जानी, म्यूटेशन आदेश के उपरान्त पोर्टल पर अद्यतन किए गए अभिलेखों का विवरण जाना। निर्देशित किया कि म्यूटेशन के आदेश के बाद तत्काल पोर्टल पर अद्यतन कर लिए जाए।
जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर निगम, एमडीडीए के अधिकारियों के साथ पुरानी तहसील का निरीक्षण कर इस स्थान पर मल्टीलेवल ऑटोमैटिक/ मैकेनाइज  पार्किंग बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। पुराने तहसील परिसर में पार्किंग बनने से जहां बाजार की सड़के जाम मुक्त रहेंगी, वहीं यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *