Portable Bedside MRI AIIMS Delhi: नई दिल्ली, 03 मई, 2026ः अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली ने स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत का पहला पोर्टेबल बेडसाइड MRI सिस्टम लॉन्च किया है। यह अत्याधुनिक तकनीक विशेष रूप से उन गंभीर मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी, जिन्हें पारंपरिक MRI के लिए सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करना कठिन होता है।
Portable Bedside MRI AIIMS Delhi: पारंपरिक MRI स्कैन के लिए मरीजों को एक विशेष रेडियोलॉजी कक्ष तक ले जाना पड़ता है, जिसमें समय और जोखिम दोनों अधिक होते हैं। इस नई प्रणाली की निम्नलिखित विशेषताएं इसे खास बनाती हैं:
बेडसाइड पहुंच: मशीन को सीधे ICU, इमरजेंसी और न्यूरोसर्जरी वार्ड में मरीज के बेड तक ले जाया जा सकता है।
तेजी से निर्णय: अल्ट्रा-लो-फील्ड तकनीक पर आधारित यह सिस्टम आपात स्थितियों में तेजी से निर्णय लेने में मदद करेगा, खासकर तब जब पारंपरिक इमेजिंग कराना कठिन या जोखिम भरा हो। इस पहल को नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद लागू किया गया है, जिसमें Radiosurgery Global का सहयोग भी शामिल है।
सुरक्षित इमेजिंग: गंभीर रूप से बीमार मरीजों और बच्चों के लिए यह काफी सुरक्षित है क्योंकि इसमें मरीज को ट्रांसफर करने की आवश्यकता नहीं होती।
Portable Bedside MRI AIIMS Delhi: एम्स के सेंटर फॉर न्यूरोलॉजिकल कंडीशंस में इस तकनीक का उपयोग शुरू हो चुका है। विशेषज्ञों की टीम डॉ. शैलेश गायकवाड़ के नेतृत्व में मरीजों की जांच कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, यह तकनीक स्ट्रोक, सिर की चोट, ICU मॉनिटरिंग, बच्चों के मामलों और सर्जरी के बाद की देखभाल में बेहद कारगर है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, यह पहल देशभर में ब्रेन इमेजिंग की पहुंच बढ़ाने के साथ पॉइंट-ऑफ-केयर न्यूरोडायग्नोस्टिक्स के क्षेत्र में शोध को नई दिशा देगी। इसे भारत के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।- स्रोतः डीडीन्यूज




