अभिराम राम

Rajesh Pandey
Image@ Internet

उमेश राय

हो निराशा जब प्रबल,तम में घिरा तमाम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम ।।

हर दिशाएं, सहमी-सहमी,
संकुचित – सी कुसुम है,
आह गूँजे, राह में फिर लौटकर,
रोशनी की किरन गुम है।
साधुता गढ़कर छले,दुर्जनता सुबह – शाम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम ।।

है विकल ‘कल’,आज का डर,
रावणी माया प्रबल है,
संस्कृति का अपहरण नित,
कालिमा का काला दल है।
टूटते जब मूल्य-मानक,दरकते हर धाम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम ।।

राजसिक मन-भवन रमता,
अंतस-वैभव छीजता है,
त्याग का हो लोप जैसे,
मानवीय पथ खीजता है।
सच,करूणा,नेह भूले,सिसकते सारे आयाम ।।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम ।।

शक्ति-पूजा, पद व गरिमा,
उदारमना मिलते कहाँ अब,
हैं घिरे गहरे सभी,
वचन-कर्म का एकक नहीं जब।
दूरियाँ व द्वंद्व मानस,स्वार्थ का गहरा संग्राम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम।।

पाँव में छाला पड़ा,
और हाथ में गरमी नहीं है,
प्रेम का है साथ छूटा,
है शुष्कता,हृद-नमी नहीं है।
संवेदना बिन वेद सूखा,रस नहीं अभिराम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम।।

सर्वमत को कौन पूछे,
स्व-मत की भी खबर नहीं है,
सच सदा वनवास में प्रिय!
उसे लौटने को घर नहीं है।
काटता है शहर-घर, सुखद आत्म – पथ का ग्राम।
चेतना के परिष्करण, तब याद आए राम।।
-रामनवमी की स्वस्तिकामना..

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *