Analysis

उत्तराखंड में कम हो रहा जनता का परिवहन

भले ही उत्तराखंड परिवहन विभाग की कमाई में साल दर साल बढोतरी हुई हो, लेकिन जनता के लिए परिवहन के साधनों में गिरावट का दौर जारी है। खुद विभाग के आंकड़े ही  खुलासा कर रहे हैं कि राज्य में  टैक्सी, मैक्सी के रजिस्ट्रेशन में हर साल लगभग सात फीसदी की कमी आई है।

वहीं राज्य में बाइकों और प्राइवेट कारों, जीपों की खरीदारी तेजी पर है,  जो रोजाना लगभग आठ करोड़ रुपये तक है। राज्य में पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक की परिवहन व्यवस्था निजी कंपनियों की बसों और टैक्सी, मैक्सी और रोडवेज के भरोसे है, लेकिन कई रूटों पर ये सेवाएं भी नहीं हैं।

रात नौ बजे के बाद शहर और बाहर सार्वजनिक परिवहन सिस्टम गायब हो जाता है। हालांकि शहरों में ऑटो टैंपों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन रात को यात्रा महंगी हो जाती है, जिस पर कोई अंकुश नहीं है। 72 फीसदी बाइकें हैं राज्यभर की कुल गाड़ियों में। 16 फीसदी प्राइवेट कार और जीप हैं कुल वाहनों में। 3.34 फीसदी ही है सार्वजनिक वाहनों की संख्या ( बसें, टैक्सी, मैक्सी, आटो टैंपो शामिल)।

राज्य में 32 व्यक्तियों पर एक प्राइवेट कार और जीप है उत्तराखंड में। 160 लोगों पर एक पब्लिक ट्रांसपोर्ट है राज्य में,जिनमें बस, टैक्सी, मैक्सी, आटो टैंपो शामिल हैं। 166 लोगों पर शहरों में एक अॉटो टैंपों ( प्रदेश की शहरी आबादी के अनुसार)। 10 साल में साढ़े चार गुना तक सालाना पहुंच गई टू व्हीलरों औऱ प्राइवेट कारों जीपों की खरीददारी। 2003-04 की तुलना में 11 साल में ट्रांसपोर्ट से मिला राजस्व  4.6 गुना हो गया। 2012-13 को छोड़ दिया जाए तो हर साल राजस्व में तेजी से बढोतरी हो रही है।

राज्य में सार्वजनिक परिवहन इसलिए कम हो रहा है- हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और वेस्ट यूपी से मसूरी, नैनीताल, कार्बेट, चकराता, रानीखेत और अन्य टूरिस्ट स्पॉट पर आने वाले अधिकतर पर्यटक अपनी गाड़ियों से आ रहे हैं।
दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की ट्रेवलिंग कंपनियों का दखल बढ़ा है। दिल्ली और अन्य राज्यों से ही बुकिंग पर गाड़ियां उपलब्ध होती हैं।

होटलों के साथ गाड़ियों की ऑनलाइन बुकिंग भी बाहर की ट्रेवलिंग एंड टूरिज्म कंपनियां कर रही हैं। उत्तराखंड के लिए लग्जरी बस औऱ रेल सेवाएं बढ़ी हैं। राज्य में रजिस्टर्ड टैक्सी, मैक्सी और निजी बसों का अधिकतर काम लगभग छह माह यात्रा सीजन में ही चल पाता है। बाकी माह पहाड़ से स्थानीय सवारियों को सेवा देने में बीतता है। स्थानीय अधिकतर लोग अपने ही वाहनों से यात्रा करते हैं। चारधाम यात्रा के दौरान भी काफी संख्या में यात्री अपनी ही गाड़ियों से आ रहे हैं।

राज्य में प्राइवेट वाहन इसलिए बढ़ रहे हैं- राज्यभर में कई स्थानों पर रात आठ बजे के बाद सार्वजनिक परिवहन सेवा में कमी के कारण बाइकों की खरीदारी बढ़ी। समय बचाने और सुविधा को देखते हुए लोग अपनी गाड़ियों से सफर करना ज्यादा पसंद करते हैं। परचेजिंग पावर बढ़ी है और ईएमआई की सुविधा ने गाड़ियों की खरीदारी को आसान किया है।
रोजाना एक से दूसरे शहर में सफर करने के लिए बाइक सबसे ज्यादा सुविधायुक्त औऱ सस्ता साधन।

शहरों में इसलिए बढ़ रहे ऑटो टैंपो- शहर में ही एक स्थान से दूसरी जगह जाने के लिए ऑटो टैंपों का ज्यादा इस्तेमाल।
पार्किंग की पर्याप्त सुविधा नहीं होना है। बार-बार जाम में फंसना। शहरों में सड़कों की स्थिति सही नहीं होना।

ये दिक्कतें आ रहीं सामने- राज्य के पर्वतीय जिलों के लिंक रोड पर परिवहन सेवा में कमी। लंबी दूरी के लिए चलने वाली गाड़ियों में रास्ते के गांवों और कस्बों की सवारियां नहीं बैठ पाती। गाड़ियां कम होने और सवारियों की संख्या ज्यादा होने पर ओवरलोडिंग की समस्या। यात्रा सीजन में स्थानीय लोगों के लिए परिवहन सेवाओं में कमी। मैदानी इलाकों में भी रात आठ बजे के बाद कम दूरी के लिए परिवहन सेवाएं मुश्किल से मिलती है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button