
वीडियोः सतर्क रहिए, देहरादून में इस तरह घर से उठाया जा रहा कीमती सामान
लूनिया मोहल्ला में घर में घुसा युवक, कमरे से उठा ले गया मोबाइल
देहरादून। देहरादून के लूनिया मोहल्ला में दिन के वक्त एक युवक घर में घुसा और मोबाइल फोन चोरी करके ले गया। पीड़ित परिवार की सूचना पर चीता पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेकर चली गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई।
पीड़ित विशाल लोधा ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब चार बजे एक युवक उनके घर में घुसा और कमरे में रखा मोबाइल फोन चोरी करके भाग गया। घटना के वक्त उनकी माताजी दूसरे कमरे में थी। यह पूरी घटना उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आ गई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है, उनकी माताजी एक कमरे से दूसरे कमरे में जा रही हैं। थोड़ी देर में ही गली में घूम रहे युवक ने इधर उधर देखा और फिर कमरे में घुसा और थोड़ी ही देर में तेज कदमों से वहां से चला गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक का चेहरा साफ दिख रहा है।
अंदेशा जताया जा रहा है कि यह युवक नशा करता है, जिसने नशे के लिए चोरी की है। हालांकि इस बारे में चोरी करने वाले युवक के पकड़े जाने और जांच के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
विशाल ने बताया, इस घटना के वक्त वह अपने कार्यालय में थे। शाम को घर आकर पता चला कि माताजी का मोबाइल फोन नहीं मिल रहा। सीसीटीवी कैमरे में चेक किया तो इस घटना का पता चला। उन्होंने चीता पुलिस को सूचना की। पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी सूचना रजिस्टर में लिखकर, जानकारी लेकर वापस चली गई। पीड़ित विशाल ने पुलिस से उनका मोबाइल फोन दिलवाने की मांग की है।













