ElectionFeaturedPoliticsUttarakhand

हर कोई मुझसे कहता था कि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार ले आओगे नः हरीश रावत

वर्किंग कमेटी की बैठक के लिए दिल्ली जाते हुए बोले रावत, सोनिया जी की तरफ कैसे देखूंगा

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पराजय का सामना कर चुकी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत का कहना है, वो मानते हैं कि देश में कोई दूसरी पार्टी ऐसी नहीं है जो पैन इंडिया स्वरूप ग्रहण करने में सक्षम हो और भाजपा का सशक्त विकल्प लोकतांत्रिक विकल्प प्रस्तुत कर सके, टुकड़े-टुकड़े में कुछ लोग कोशिश कर रहे हैं। मगर उनके डीएनए में वह सब नहीं है जो कांग्रेस की डीएनए में है।

हरीश रावत रविवार शाम वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा, दिल्ली की ओर जाने की कल्पना मात्र से मेरे पांव मन-मन भर भारी हो जाए, कैसे सोनिया जी के चेहरे की तरफ देखूंगा! कितना विश्वास था, उनका मुझ पर, देश के शीर्षस्थ सभी कांग्रेसजनों का मुझ पर बहुत बड़ा विश्वास था और हर कोई मुझसे कहता था कि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार ले आओगे न!

उन्होंने लिखा कि,  कहीं तो मेरी कुछ कमियां रही होंगी, जिससे मैं इतने बड़े विश्वास को कायम नहीं रख पाया और देश के सामान्य कांग्रेसजन का भी विश्वास था उत्तराखंड में हम कांग्रेस की सरकार ला रहे हैं। अब वास्तविकता यह है कि हम हारे ही नहीं हैं बल्कि हमारी हार कई और चिंताजनक संकेत भी दे रही है। राजनीति में एक स्तर तक पहुंचने के बाद व्यक्ति को व्यक्तिगत भावनाओं को अलग रखना होता है। वास्तविकता यह है पार्टी के सामने जो भविष्य की चुनौतियां हैं, उन चुनौतियों से पार पाना है, केवल हम राजनैतिक पार्टी बनें, सत्ता प्राप्त करें इसलिए नहीं, देश के लिए।

वो कहते हैं, मेरा आज भी मानना है कि देश के अंदर कोई दूसरी पार्टी ऐसी नहीं है जो पैन इंडिया स्वरूप ग्रहण करने में सक्षम हो और भाजपा का सशक्त विकल्प लोकतांत्रिक विकल्प प्रस्तुत कर सके, टुकड़े-टुकड़े में कुछ लोग कोशिश कर रहे हैं। मगर उनके डीएनए में वह सब नहीं है जो कांग्रेस की डीएनए में है। मगर हम कहीं न कहीं पर रणनीतिक चूक का शिकार हो रहे हैं या कुछ और ऐसी स्थितियां बन रही हैं कि हर बार हम जनता का विश्वास जीतने में विफल हो जा रहे हैं!

उन्होंने कहा, देशभर के कांग्रेसजनों और संवैधानिक लोकतंत्र के सेवकों और सामाजिक न्याय की शक्तियों की नजर आज भी कांग्रेस पर टिकी हुई है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं, अपने ईष्ट देवता से प्रार्थना करता हूं कि मेरी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व/सीडब्ल्यूसी को इतनी शक्ति दें कि वो इस गहरे होते हुए अंधकार में भी कुछ ऐसी रोशनी पैदा कर सकें कि जिसके रास्ते न केवल पार्टी बल्कि भारत के लिए भी हम एक सशक्त लोकतांत्रिक विकल्प बन सकें, जिसके ऊपर केवल नारे में सबका विश्वास नहीं. बल्कि वास्तविक अर्थों में सबका विश्वास हो।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button