अफ्रीकी लोककथाः दिन में क्यों नहीं उड़ता चमगादड़

Rajesh Pandey
Short stories

क्या आप जानते हैं कि चमगादड़ रात को ही शिकार पर क्यों निकलते हैं। इसकी भले ही कोई अन्य वजह क्यों न हो, लेकिन इसके पीछे अफ्रीकी कहानी कुछ इस तरह है- झाड़ियों में रहने वाला एक चूहा और चमगादड़ गहरे दोस्त थे। वो खाना भी एक साथ खाते थे, लेकिन चमगादड़ अपने दोस्त चूहे से चिढ़ता था। हालांकि चमगादड़ ने कभी अपनी मंशा जाहिर नहीं होने दी। लेकिन चूहा उसका सम्मान करता था और उसकी बातों को सही मानता था। एक दिन चूहे ने कहा, दोस्त- तुम सूप बहुत अच्छा बनाते हो, क्या बात है। तुम इतना जायकेदार सूप कैसे बना लेते हो। क्या मुझे इसकी रैसिपी बताओगे, मैं अपनी पत्नी को इतना स्वादिष्ट सूप पिलाना चाहूंगा।

चमगादड़ ने अपनी तारीफ सुनी और खुशी से फूले नहीं समाया। उसने कहा, दोस्त- जायकेदार सूप बनाने के लिए मुझे स्वयं को तकलीफ पहुंचानी पड़ती है। मैं उबलते हुए पानी में कूद जाता हूं। मैं स्वयं को उबालता हूं। मेरा मांस स्वादिष्ट है, जिस वजह से सूप जायकेदार बनता है। तुम भी ऐसा करके स्वादिष्ट सूप बना सकते हो। चमगादड़ ने चूहे के सामने सूप बनाने का डेमो किया। पहले से उबला हुआ पानी लाकर चूहे से कहा, देखो इस गर्म पानी में मैं स्वयं को उबालूंगा। यह कहकर चमगादड़ पानी में कूदा और बाहर निकल आया। थोड़ी देर में पहले से ही तैयार सूप उसके सामने पेश कर दिया। चूहे को चमगादड़ की बात पर विश्वास हो गया।

चूहा घर पहुंचा और अपनी पत्नी से कहा, आज मैं ऐसा स्वादिष्ट सूप तैयार करूंगा कि तुम बहुत खुश हो जाओगी। चूहे ने कहा, तुम सूप बनाने के लिए पानी उबालो। चूहिया ने पानी उबलने के लिए रख दिया और रसोई से बाहर आ गई। चूहे ने मौका पाया और उबलते हुए पानी में कूद गया। काफी दर्द होने के बाद भी वह उबलते पानी से बाहर नहीं निकला, क्योंकि चमगादड़ ने उससे कहा था स्वादिष्ट सूप बनाने के लिए स्वयं को तकलीफ पहुंचानी पड़ती है।

पानी में झुलसने से चूहे की मृत्यु हो गई। चूहिया वापस रसोई में पहुंची तो उसने चूहे को मरा हुआ पाया। गुस्से में उसने राजा के सामने गुहार लगाई। राजा ने पूरा किस्सा सुना और चमगादड़ को जेल में डालने के आदेश दे दिए। राजा का हुक्म सुनकर वहां रहने वाले हर किसी जीव ने चमगादड़ की तलाश शुरू कर दी। कहा जाता है कि कैद में जाने के डर से चमगादड़ ने दिन में बाहर निकलना बंद कर दिया। तब से चमगादड़ रात को ही शिकार के लिए निकलता है। – अफ्रीकी लोक कथा (अनुवादित)

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *