देहरादून/कोच्चि, 09 अक्तूबर, 2026: उत्तराखंड के खेल जगत के लिए एक और गौरवशाली खबर सामने आई है। राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ी सोवेंद्र भंडारी को इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। सोवेंद्र आगामी 18 से 24 अक्तूबर 2026 तक नागोया (जापान) में आयोजित होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा केरल के कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस व डेमो गेम के दौरान इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन (IBFF) के स्पोर्टिंग डायरेक्टर सुनील जे. मैथ्यू ने की। इस मौके पर मीडिया प्रतिनिधियों सहित केरल पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी व प्रायोजक उपस्थित रहे।

टीम में उत्तराखंड का दबदबा
वर्तमान में भारतीय टीम कोच्चि में अपने अंतिम चरण के अभ्यास शिविर में जुटी हुई है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड से कुल चार खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तराखंड के ही नरेश सिंह नयाल टीम में सहायक कोच और गोलगाइड की अहम भूमिका निभा रहे हैं। कोच नरेश और कप्तान सोवेंद्र दोनों का यह दूसरा एशियन पैरा गेम्स होगा; इससे पहले दोनों ने वर्ष 2023 में हांगझोऊ (चीन) में आयोजित खेलों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था।
‘द वॉल ऑफ इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल’ के नाम से हैं मशहूर
मूल रूप से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ निवासी सोवेंद्र भंडारी ने अपनी शिक्षा-दीक्षा राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (NIEPVD), देहरादून से पूरी की है। वर्ष 2015 से लगातार संस्थान में साथ अभ्यास कर रहे कोच नरेश नयाल ने सोवेंद्र के मजबूत डिफेंस को देखते हुए उन्हें ‘द वॉल ऑफ इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल’ का नाम दिया है। कोच के अनुसार, सोवेंद्र का डिफेंस जितना मजबूत है, अब उनका अटैक भी उतना ही आक्रामक और प्रभावी हो चुका है।
उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण
सोवेंद्र को कप्तानी मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कोच नरेश नयाल ने कहा कि यह उत्तराखंड ब्लाइंड फुटबॉल और पूरे प्रदेश के लिए बेहद गर्व का पल है। वहीं, उत्तराखंड ब्लाइंड फुटबॉल एसोसिएशन के संस्थापक अनंत मेहरा ने कप्तान सोवेंद्र, कोच नरेश और अन्य खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि एसोसिएशन राज्य में इस खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को हर संभव मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
पदक जीतने को लेकर आश्वस्त
कप्तान सोवेंद्र भंडारी ने इस जिम्मेदारी को अपने करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने इस मुकाम के लिए अपने कोच, इंडियन ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन, साथी खिलाड़ियों, परिवार और दोस्तों का आभार व्यक्त किया। सोवेंद्र ने भरोसा जताया कि पूरी टीम इस बार बेहतरीन फॉर्म में है और जापान में आयोजित होने वाले एशियन पैरा गेम्स में भारत के लिए पदक जीतकर इतिहास रचेगी।






